नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार है। आयोग भले ही अपनी सिफारिशें अगले साल सरकार को सौंपे, लेकिन उससे पहले की हर हलचल पर कर्मचारियों की नजर टिकी है। इसी कड़ी में आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नया नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसने सबका ध्यान खींच लिया है।
आयोग ने बताया है कि वह 22 और 23 अक्टूबर 2026 को मुंबई का दौरा करेगा। यह बैठक दशहरे के ठीक बाद होगी, क्योंकि इस साल दशहरा 20 अक्टूबर को है। मुंबई दौरे के दौरान आयोग विभिन्न संगठनों, संस्थानों और केंद्रीय कर्मचारी संघों व यूनियनों के प्रतिनिधियों से सीधी बातचीत करेगा।
ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना होगा
नोटिफिकेशन में साफ कहा गया है कि जो भी संगठन या कर्मचारी संघ आयोग से मिलकर अपनी बात रखना चाहता है, उसे ऑनलाइन प्रक्रिया से अपॉइंटमेंट लेना होगा। इसके लिए 10 अक्टूबर 2026 तक आवेदन करना जरूरी है। आवेदन करते समय पहले जमा किए गए मेमोरेंडम की ‘Unique Memo ID’ देना भी अनिवार्य होगा। इसके बाद आयोग संबंधित लोगों को बैठक की जगह और पूरा शेड्यूल बताएगा।
इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इसमें कर्मचारी संगठन वेतन, भत्ते, प्रमोशन और अन्य सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें और सुझाव खुलकर रख सकेंगे। आयोग इन सुझावों के आधार पर अपनी अंतिम रिपोर्ट तैयार करेगा।
कब होगा 8वें वेतन आयोग का गठन
बता दें कि 8वें वेतन आयोग का गठन वित्त मंत्रालय के तहत 3 नवंबर 2025 को किया गया था। आयोग लगातार देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर कर्मचारियों से फीडबैक ले रहा है। इसी महीने 9 सितंबर को पुडुचेरी और 16, 17, 18 सितंबर को चंडीगढ़ में बैठकें हो चुकी हैं। अक्टूबर में 7 और 8 अक्टूबर को बेंगलुरु में भी बैठक तय है।
अब सवाल है कि सिफारिशें कब लागू होंगी? टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) के मुताबिक, आयोग को अपने गठन के 18 महीने के भीतर यानी मई 2027 तक अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपनी है। पुराने अनुभवों को देखें तो सरकार रिपोर्ट मिलने के बाद इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करती है। ऐसे में माना जा रहा है कि नई सिफारिशें 2029 या 2030 तक पूरी तरह से जमीन पर उतर पाएंगी।











