सेमीफाइनल हारकर भी भारतीय खिलाड़ी ने रच दिया इतिहास, एशियन गेम्स में जय मीणा ने हासिल किया सॉफ्ट टेनिस का पहला मेडल

0
6
Jay Meena Wins India First Soft Tennis Medal
X @DeccanHerald

नई दिल्ली: भारतीय खिलाड़ी जय मीणा ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है। उन्होंने सॉफ्ट टेनिस में देश के लिए पहली बार मेडल जीतते हुए ब्रॉन्ज पर कब्जा जमाया है। यह उपलब्धि भारत के लिए इस खेल में एशियन गेम्स के इतिहास की पहली पदक जीत है। दरअसल जय मीणा ने पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में फिलीपींस के खिलाड़ी शेरविन नुगुइट को कड़े मुकाबले में 4-3 से मात दी, जिससे उनकी सेमीफाइनल में एंट्री पक्की हुई। 

सेमीफाइनल में उन्हें जापान के मजबूत खिलाड़ी ताकुया कुरोसाका के हाथों 2-4 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन सॉफ्ट टेनिस के नियमों के मुताबिक सेमीफाइनल में पहुंचने वाले हर खिलाड़ी को मेडल मिलना तय होता है, इसी वजह से हार के बावजूद जय मीणा के नाम ब्रॉन्ज मेडल आ गया।

पहले भी रच चुके हैं इतिहास

यह जय मीणा के करियर की कोई अचानक मिली सफलता नहीं है। इससे पहले साल 2025 में एशियन सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर वे यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। एशियन गेम्स 2026 की शुरुआत भी उन्होंने दमदार अंदाज में की, जहां ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान के खिलाड़ी को 4-0 से एकतरफा मात दी थी।

लगातार बेहतरीन रहा है इंटरनेशनल सफर

जय मीणा का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है। हांग्झू एशियन गेम्स में वे क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे थे और टीम इवेंट में भी हिस्सा लिया था। 2024 में आध्या तिवारी के साथ मिलकर उन्होंने वर्ल्ड सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिक्स्ड डबल्स में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं 2025 की एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने कुल चार मेडल अपने नाम कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया था। इस बार एशियन गेम्स से पहले उन्होंने अहमदाबाद और जम्मू के नेशनल कैंप्स में कड़ी मेहनत की थी।

एशियन गेम्स 2026 में भारत अब तक कुल 10 मेडल अपने नाम कर चुका है, जिसमें 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत को अभी तक का इकलौता गोल्ड मेडल महिला क्रिकेट टीम ने दिलाया है, जिसने फाइनल में श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here