PM मोदी ने की बहादुर पायलट मच्छर से बात, कैप्टन ने बताया कहां से मिली हिम्मत, कहा- 'मुझे हनुमान जी ने बचाया'

0
6

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को फ्लाई दुबई के पायलट स्मित मच्छर से फोन पर बातचीत की, जिन्होंने हवा में हुए संभावित आतंकी हमले को बहादुरी से नाकाम कर दिया था। इस दौरान पीएम मोदी ने घायल पायलट की हिम्मत की जमकर सराहना की और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। फोन पर हुई इस बातचीत के दौरान एयरलाइन के कप्तान काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी से बात करना उनकी जिंदगी का सबसे खास पल था। उन्होंने पीएम मोदी से यह भी कहा कि वे उनके सबसे बड़े आदर्श हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने पायलट को भरोसा दिलाया कि पूरा देश उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब भारतीय गर्व से कह सकते हैं कि वे किसी की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं। इस बातचीत में पीएम मोदी ने पायलट की मां गीता बेन का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने अपने बेटे की परवरिश भगवद गीता के मूल्यों और शिक्षाओं के साथ की है।

‘हनुमान चालीसा से मिली हिम्मत’

घायल पायलट स्मित मच्छर ने पीएम मोदी को बताया कि उनका फोन आना उनके लिए अत्यंत गर्व का क्षण रहा, और उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उन्हें प्रधानमंत्री से सीधे बात करने का मौका मिलेगा। मच्छर ने यह भी बताया कि जब भी वे किसी मुश्किल हालात में होते हैं, तो हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। उन्होंने बताया कि उन पर हुए हवाई हमले के दौरान भी वे हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे, जिससे उन्हें हिम्मत मिली।

सह-पायलट ने किया था चाकू से हमला

बता दें कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट में उनके ही सह-पायलट ने चाकू से हमला कर दिया था। आरोप है कि सह-पायलट विमान को जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद से इस भारतीय नागरिक की जान बचाने वाली बहादुरी की दुनियाभर में सराहना हो रही है।

गंभीर घायल होने के बावजूद बचाई सबकी जान

चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छर कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद के लिए पुकारने में कामयाब रहे, जिससे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कथित साजिश नाकाम हो गई। फिलहाल इलाज के लिए उन्हें अबू धाबी ले जाया गया है, इससे पहले उन्हें सऊदी अरब के तबुक स्थित एक अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here