नई दिल्ली: रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ में अभिनेत्री स्वरा भास्कर इन दिनों अपनी बेटी राबिया को काफी याद कर रही हैं। शो में अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट को निभा रहीं स्वरा के लिए बेटी से दूर रहना आसान नहीं है। हाल ही में शो का एक वीडियो सामने आया, जिसमें वह भावुक होकर रोती नजर आईं और बेटी की तस्वीर देखने की इच्छा जताई। वीडियो में स्वरा काफी परेशान दिखाई देती हैं। जब गौतम गुलाटी ने उनसे पूछा कि अचानक उन्हें इतना भावुक किस बात ने किया, तो उन्होंने बताया कि किसी के ‘सुशी’ कहने से उन्हें अपनी बेटी की याद आ गई। इसके बाद वह खुद को रोक नहीं पाईं।
स्वरा ने बेटी का चेहरा या उसकी तस्वीर दिखाने की गुजारिश की। उनकी बातों से साफ नजर आया कि वह अपनी छोटी बेटी को कितनी शिद्दत से याद कर रही थीं। शो में मौजूद दूसरे कंटेस्टेंट्स ने भी उनकी भावनाओं को समझने की कोशिश की।
शहजाद और तेज प्रताप ने संभाला
स्वरा को इस तरह परेशान देखकर तेज प्रताप यादव लगातार उन्हें शांत कराने की कोशिश करते नजर आए। शहजाद पूनावाला भी उनके पास पहुंचे और उन्हें संभालने की कोशिश की। दोनों ने स्वरा का हौसला बढ़ाया और इस भावुक पल में उनका साथ दिया।
स्वरा के इंस्टाग्राम अकाउंट से भी इस वीडियो को शेयर किया गया। पोस्ट में कामकाजी मां होने की उस स्थिति का जिक्र किया गया, जहां इंसान काम पर मौजूद होता है, लेकिन उसका दिल घर और बच्चे के पास ही रहता है।
शो में आने से पहले भी जताई थी चिंता
स्वरा और उनके पति फहद अहमद सितंबर 2023 में बेटी राबिया के माता-पिता बने थे। शो में शामिल होने से पहले भी अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर बेटी से दूर रहने को लेकर अपनी भावनाएं साझा की थीं। उन्होंने बेटी और पति के साथ तस्वीरें भी पोस्ट की थीं। फिलहाल स्वरा ‘राइज एंड फॉल’ का हिस्सा हैं। इस शो को वीरेंद्र सहवाग होस्ट कर रहे हैं, जहां कंटेस्टेंट्स को ‘Rulers’ और ‘Workers’ में बांटकर अलग-अलग चुनौतियों और रणनीतिक मुकाबलों से गुजरना पड़ता है।












