दादरी में भरभराकर गिरी मकान की छत, एक मजदूर की मौत, दूसरे का अस्पताल में इलाज जारी

0
6

नोएडा: दादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला ब्रह्मपुरी में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान की छत की मरम्मत का काम अचानक हादसे में बदल गया। मरम्मत के दौरान छत भरभराकर नीचे आ गिरी। छत के मलबे में काम कर रहे मजदूरों के दबे होने की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

मलबे से दो मजदूरों को निकाला गया

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे से दो घायल मजदूरों इरफान उर्फ टीटू और हैदर अली को बाहर निकाला। दोनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य की निगरानी की।

एक मजदूर की मौत, दूसरे का इलाज जारी

इलाज के दौरान चिकित्सकों ने इरफान उर्फ टीटू पुत्र नन्हे लाल, निवासी रियाज कॉलोनी, जनपद अलीगढ़ को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं दूसरे घायल मजदूर का उपचार जारी है। पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here