नई दिल्ली: नशे के काले कारोबार के खिलाफ रोहिणी जिला पुलिस ने ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसने दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश तक फैले हेरोइन के पूरे नेटवर्क की कमर तोड़ दी। रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम ने अंतरराज्यीय हेरोइन सप्लाई नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए न सिर्फ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि उत्तर प्रदेश के लखनऊ में चल रही कथित अवैध हेरोइन निर्माण इकाई का भी भंडाफोड़ कर दिया। कार्रवाई के दौरान 6.275 किलो ताजा तैयार हेरोइन बरामद हुई जबकि पूरे नेटवर्क से कुल 7.076 किलो हेरोइन जब्त की गई। पुलिस के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये है।
यह कार्रवाई डीसीपी शशांक जायसवाल की देखरेख में इंस्पेक्टर संदीप गोदारा स्पेशल स्टाफ रोहिणी के नेतृत्व वाली टीम ने संभाली। पूरी कार्रवाई एसीपी ऑपरेशंस अजमेर सिंह की निगरानी में की गई। पुलिस ने हेरोइन के साथ उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाला 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड, गैस सिलेंडर, टब, मिक्सर ग्राइंडर, बर्तन, पॉलीथिन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, लकड़ी की टोकरी समेत अन्य सामान भी बरामद किया है।
300 ग्राम हेरोइन से खुला करोड़ों के नेटवर्क का राज
पूरी कहानी की शुरुआत 16 सितंबर 2026 को हुई। रोहिणी जिला पुलिस की स्पेशल स्टाफ टीम को बेगमपुर थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थ की आवाजाही की पुख्ता सूचना मिली। सूचना पर सेक्टर-32, बेगमपुर में जाल बिछाया गया। इसी दौरान पुलिस ने एक ग्रैंड विटारा कार को रोककर रोहतक निवासी 58 वर्षीय लक्ष्मण हुड्डा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार से 300 ग्राम हेरोइन और 3 लाख रुपये नकद बरामद हुए। कार को भी जब्त कर लिया गया। इस मामले में थाना बेगमपुर में एफआईआर संख्या 433/26, एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। पूछताछ और आगे की जांच में पुलिस को उस सप्लाई चेन के बारे में अहम सुराग मिले जहां से दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन पहुंचाई जा रही थी।
सोनपत से पकड़ा गया अगला मोहरा
पुलिस ने नेटवर्क की अगली कड़ी तक पहुंचते हुए 17 सितंबर को सोनपत से कथित मुख्य सप्लायर अनिल उर्फ भोला को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 501 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली के रघुबीर नगर का रहने वाला है और पहले से ही एनडीपीएस मामले में पैरोल जंपर तथा घोषित अपराधी रहा है। उसके पास से महिंद्रा एक्सयूवी-700 भी जब्त की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि हेरोइन की सप्लाई महज दिल्ली तक सीमित नहीं थी, बल्कि इसके पीछे उत्तर प्रदेश में मौजूद एक कथित निर्माण इकाई और बड़े सप्लाई नेटवर्क की भूमिका थी।
लखनऊ में छापा खुली नशे की फैक्ट्री की परतें
तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना तंत्र के जरिए पुलिस मुख्य स्रोत सप्लायर तक पहुंचने में जुटी रही। आखिरकार 4 अक्टूबर को टीम ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित सीता कॉलोनी, जानकीपुरम में एक कथित हेरोइन निर्माण केंद्र पर छापा मारा। छापे के दौरान बबलू, उम्र 35 वर्ष, निवासी बरेली को गिरफ्तार किया गया। मौके से पुलिस ने 6.275 किलो ताजा तैयार हेरोइन बरामद की। इसके अलावा हेरोइन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी मिले। बरामद सामान में 2.504 किलो सोडियम और 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड के साथ टब, गैस सिलेंडर, मिक्सर ग्राइंडर, बर्तन, पॉलीथिन, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, लकड़ी की टोकरी और अन्य सामग्री शामिल है।पुलिस के मुताबिक बबलू से पूछताछ के बाद कथित तौर पर निर्माण इकाई के मालिक और मुख्य स्रोत सप्लायर रुकसार अली उर्फ राजू तक पहुंच बनाई गई। पुलिस टीम ने करीब 120 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद बरेली उत्तर प्रदेश से उसे गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली-एनसीआर से यूपी तक फैला था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि यह कथित अंतरराज्यीय नेटवर्क दिल्ली-एनसीआर से उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था। नेटवर्क में हेरोइन की सप्लाई के साथ-साथ उसके निर्माण की व्यवस्था भी जुड़ी हुई थी। पुलिस ने अलग-अलग चरणों में व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन बरामद कर सप्लाई चेन की महत्वपूर्ण कड़ियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं, नशीले पदार्थ के लिए कच्चा माल कहां से खरीदा जाता था, इसकी आर्थिक फंडिंग कैसे होती थी और दिल्ली-एनसीआर में हेरोइन की सप्लाई किन-किन लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
चार गिरफ्तार, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मण हुड्डा, अनिल उर्फ भोला, बबलू और रुकसार अली उर्फ राजू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अनिल उर्फ भोला एनडीपीएस मामले में पैरोल जंपर और घोषित अपराधी है। बबलू पहले भी एक एनडीपीएस मामले में शामिल रहा है, जबकि रुकसार अली उर्फ राजू के खिलाफ तीन एनडीपीएस मामलों में पूर्व संलिप्तता सामने आई है।
करोड़ों का नशा, भारी मात्रा में सामान जब्त
रोहिणी पुलिस की कार्रवाई में कुल 7.076 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसमें 6.275 किलो ताजा निर्मित हेरोइन शामिल है। पुलिस ने इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई है। इसके अलावा 3 लाख रुपये नकद, 2.504 किलो सोडियम, 787 ग्राम एसीटिक एनहाइड्राइड, निर्माण उपकरण और दो एसयूवी भी जब्त की गई हैं। डीसीपी रोहिणी जिला शशांक जायसवाल ने इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी बताया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तथा वित्तीय कड़ियों की पहचान के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।












