वाटर टैंक हादसे में चार छात्रों की मौत, एसएसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा; दो हिरासत में

0
6

वृंदावन: वृंदावन गुरुकुलम के वाटर टैंक की सफाई के दौरान पांच छात्र बेहोश हो गए। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक छात्र को बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने संस्था का संचालन करने वाले आशीष और अंकुर को हिरासत में लिया है।

एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, गुरुकुलम परिसर में बने वाटर टैंक से बदबू आ रही थी। सफाई के लिए सबसे पहले एक छात्र टैंक में उतरा, लेकिन बाहर नहीं आया। इसके बाद चार अन्य छात्र भी उसके पीछे अंदर चले गए। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर वहां मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

 शवों को वृंदावन स्थित सौ शैया अस्पताल में रखा गया

मृत छात्रों की उम्र 17 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है। शवों को वृंदावन स्थित सौ शैया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। एक छात्र को बेहतर निगरानी के लिए रेफर किया गया है। एसएसपी ने बताया कि वह बातचीत कर रहा है।

प्रारंभिक तौर पर टैंक में जहरीली गैस बनने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे की सही वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृत छात्रों के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here