छिनैती के फरार आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली, सोने की चेन और बाइक बरामद

0
6

मथुरा: रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवॉर्डेड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छिनैती के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक आरोपी सूरज उर्फ कालिया के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा, दो कारतूस, सोने की जंजीर और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

चेकिंग के दौरान मुठभेड़ और फायरिंग  

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात कोयला अलीपुर के पास राया की ओर से आने वाले रास्ते पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। इस दौरान उनकी बाइक गिर गई। आरोप है कि इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सूरज उर्फ कालिया निवासी रोशन विहार, थाना जमुनापार के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे और उसके साथी प्रकाश निवासी रोशन विहार को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई 

तलाशी के दौरान सूरज के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए, जबकि प्रकाश के पास से सोने की जंजीर मिली। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक भी बरामद कर ली है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले में पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

सीओ रिफाइनरी का बयान 

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि शुक्रवार रात सूचना मिली थी कि थाना रिफाइनरी में दर्ज मुकदमे में फरार आरोपी दोबारा वारदात करने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस और एंटी रिवॉर्डेड टीम ने रात करीब 10:20 बजे कोयला अलीपुर के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार दोनों संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सूरज उर्फ कालिया घायल हो गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, सोने की जंजीर और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

Reported by: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here