नई दिल्ली: राजधानी की सड़कों पर बसों की मनमानी और यातायात नियमों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं होगी। सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से बस चलाने अवैध संचालन बेतरतीब पार्किंग और यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की पूर्वी रेंज ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सप्ताह तक विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। इस कार्रवाई में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले बस चालकों और संचालकों पर शिकंजा कसते हुए कुल 408 चालान किए गए जबकि 16 बसों को जब्त किया गया।
परमिट उल्लंघन पर सबसे बड़ी कार्रवाई
पूर्वी रेंज ट्रैफिक डीसीपी श्वेता सिंह चौहान ने बताया कि पूर्वी रेंज में चलाए गए अभियान के दौरान परमिट संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर 162 चालान काटे गए। वहीं गलत तरीके से बस खड़ी करने के मामलों में 152 चालान किए गए। निर्धारित लेन के नियमों का उल्लंघन करने पर 11 चालान काटे गए जबकि अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत 83 चालान किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक सड़कों को अपनी मनमर्जी से इस्तेमाल करने वाले बस संचालकों के खिलाफ अब सख्ती जारी रहेगी।
जाम लगाने वालों पर पुलिस की पैनी नजर
अभियान के दौरान मुख्य मार्गों प्रमुख चौराहों और यातायात की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों पर विशेष टीमें तैनात कर गहन जांच की गई। पुलिस का निशाना उन बसों पर रहा जो अनधिकृत रूप से संचालित हो रही थीं बीच सड़क पर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए रुक रही थीं गलत स्थानों पर पार्क की जा रही थीं या सड़क और चौराहों पर यातायात की रफ्तार रोक रही थीं। ऐसी गतिविधियों से न केवल जाम की समस्या बढ़ती है बल्कि यात्रियों पैदल चलने वालों और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है।
बार-बार नियम तोड़े तो होगी कड़ी कार्रवाई
पूर्वी रेंज ट्रैफिक पुलिस ने बस चालकों और संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि जानबूझकर बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर वाहनों को जब्त भी किया जाएगा। पुलिस आगे भी विशेष जांच और जागरूकता अभियान चलाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। डीसीपी की अपील सड़क सबकी नियम भी सबके लिए! सभी बस संचालकों और चालकों से यातायात नियमों का पालन करने निर्धारित स्थानों पर ही बस रोकने और सार्वजनिक सड़कों पर अवरोध पैदा न करें।
Reported By: Pankaj Rai











