वृंदावन: सुनरख मार्ग स्थित हरे कृष्णा ऑर्चिड सोसायटी में शनिवार शाम एक किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोर सोसायटी के एक टावर की छठी मंजिल से नीचे गिरा था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि किशोर बंद गेट वाली सोसायटी के अंदर कैसे पहुंचा और उसके साथ क्या हुआ था।
मृतक की पहचान रिफाइनरी निवासी राज के रूप में हुई है। वह दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। उसके पिता योगेश गौतम रिफाइनरी स्थित सीआईएसएफ यूनिट में चालक के पद पर तैनात हैं। बताया गया है कि परिवार में अनबन के बाद राज की मां नीतू शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अपने बेटे और 17 वर्षीय बेटी के साथ सुनरख निवासी अपनी बहन के घर पहुंची थीं। शाम करीब चार बजे राज घर से बाहर घूमने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
काफी देर तक राज के घर न लौटने पर उसके मौसा सौरभ गौतम उसकी तलाश में निकले। इसी दौरान हरे कृष्णा ऑर्चिड सोसायटी के पास पहुंचने पर उन्हें एक किशोर के ऊंचाई से गिरने और उसे अस्पताल ले जाने की जानकारी मिली। अस्पताल पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। उधर, सोसायटी के कर्मचारियों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि सोसायटी का गेट बंद होने के बावजूद राज परिसर के अंदर कैसे पहुंचा। वह छठी मंजिल तक किस तरह पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Reported By: Prem Kaushik












