नई दिल्ली: दिल्ली की दमघोंटू हवा के खिलाफ अब सड़कों पर सख्ती का पहरा और तेज होगा। प्रदूषण के खिलाफ निर्णायक जंग में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (जीआरएपी) के पहले चरण के लागू होने के बाद वाहनों से होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। गुरुवार को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के विशेष आयुक्त अजय चौधरी आईपीएस की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पड़ोसी राज्यों की पुलिस और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
सीमाओं पर ही रोकी जाएंगी नियम तोड़ने वाली बसें
बैठक में साफ संदेश दिया गया कि प्रदूषण फैलाने वाले और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं होनी चाहिए। विशेष रूप से अंतरशहरी और अंतरराज्यीय बसों की जांच पर जोर दिया गया। नियमों के दायरे में अनुमति प्राप्त इलेक्ट्रिक, सीएनजी और बीएस-6 डीजल बसों को ही निर्धारित शर्तों के अनुसार संचालन की अनुमति होगी। नियमों का पालन नहीं करने वाली बसों को दिल्ली में प्रवेश देने के बजाय सीमा पर ही दूसरे मार्ग पर भेजने की व्यवस्था पर जोर दिया गया, ताकि राजधानी में जाम और अतिरिक्त प्रदूषण से बचा जा सके।
पहली नवंबर से प्रवेश नियमों पर विशेष निगरानी
बैठक में एक नवंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक दिल्ली के बाहर पंजीकृत वाहनों पर लागू प्रवेश प्रतिबंधों की भी समीक्षा की गई। अधिसूचित छूट के अधीन वाहनों को छोड़कर प्रतिबंधित श्रेणी के वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए सीमावर्ती इलाकों में बड़े सूचना बोर्ड लगाने और जरूरत के अनुसार संयुक्त प्रवर्तन दल बनाने पर चर्चा हुई।
ओवरलोडिंग से निर्माण सामग्री तक, हर उल्लंघन पर नजर
अधिकारियों ने नो-एंट्री समय का सख्ती से पालन कराने, बिना निर्धारित गंतव्य वाले और ओवरलोड वाहनों की जांच करने तथा निर्माण एवं विध्वंस सामग्री के परिवहन में नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करने पर जोर दिया। वाहन मालिकों से लागू नियमों के अनुसार वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र रखने की अपील भी की गई। विशेष आयुक्त अजय चौधरी ने सभी एजेंसियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण पर नियंत्रण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्रवाई का पूरा रिकॉर्ड रखने और निगरानी के लिए समुचित दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। वास्तविक समय में सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए समर्पित व्हाट्सऐप समूह बनाने पर भी सहमति बनी। टीम दिल्ली ट्रैफिक पुलिस का संदेश, प्रदूषण पर वार, स्वच्छ हवा का अधिकार नियमों का पालन करें, दिल्ली को सांस लेने दें।
Reported By: Pankaj Rai












