कृष्णा नगर स्कूल में छात्रा की मौत से मचा हड़कंप

0
5

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय बाल एवं बालिका विद्यालय में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाली 18 वर्षीय छात्रा की आग से झुलसने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और शिक्षकों तथा विद्यार्थियों में शोक की लहर दौड़ गई। बताया गया है कि 25 अक्टूबर को छात्रा का जन्मदिन था।

पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि छात्रा स्कूल परिसर में सुरक्षा गार्ड के कमरे के पीछे जली हुई हालत में मिली थी। उसे तत्काल डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराध जांच दल को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

प्रारंभिक जानकारी और जांच

प्रारंभिक जानकारी में छात्रा द्वारा कथित तौर पर स्वयं को आग लगाने की बात सामने आई है। कुछ शिक्षकों के अनुसार, छात्रा के बैग से संदिग्ध सामान और तीन पन्नों का कथित सुसाइड नोट मिलने की चर्चा है। यह भी बताया जा रहा है कि वह एक बोतल लेकर स्कूल आई थी। हालांकि, इन जानकारियों और बोतल में मौजूद पदार्थ की प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

शिक्षा मंत्री का बयान

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने घटना को बेहद दुखद बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मामला जांच का विषय है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। आखिर छात्रा के साथ क्या हुआ और इस दर्दनाक घटना के पीछे क्या कारण रहे इन सवालों के जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here