भूना: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा राशि में धोखाधड़ी के मामले में थाना भूना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजबीर पुत्र सोहलू राम निवासी गांव जांडली कलां, थाना भूना को काबू किया है। आरोपी पर दूसरे किसान की 1 लाख 16 हजार रुपये की फसल बीमा राशि अपने व पत्नी के बैंक खातों में स्थानांतरित करवाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।
फसल बीमा राशि और पैक्स किराये में वित्तीय अनियमितताएं उजागर
थाना भूना प्रभारी उपनिरीक्षक कंवर सिंह ने बताया कि सहायक रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां फतेहाबाद की शिकायत पर गोरखपुर पैक्स में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि तथा गांव मोची स्थित पैक्स की दुकानों के किराये में वित्तीय अनियमितताओं और धोखाधड़ी का मामला सामने आया था। विभागीय जांच में बीमा राशि को वास्तविक लाभार्थियों के बजाय अन्य व्यक्तियों के खातों में स्थानांतरित करने सहित कई अनियमितताएं पाई गई थीं।
1.16 लाख रुपये की बीमा राशि अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के अनुसार किसान सूबे सिंह पुत्र रामचंद्र की 1.16 लाख रुपये की फसल बीमा राशि आरोपी राजबीर के खाते में स्थानांतरित हुई थी। इसमें से 51 हजार रुपये आरोपी ने अपने दूसरे बैंक खाते में तथा 65 हजार रुपये अपनी पत्नी के बैंक खाते में स्थानांतरित किए थे।
धोखाधड़ी के आरोप में BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज
इस संबंध में थाना भूना में अभियोग संख्या 318 दिनांक 28.10.2025, धारा 61(2), 316(5), 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया था।
आरोपी राजबीर गिरफ्तार, कोर्ट में किया जाएगा पेश
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राजबीर को काबू कर लिया है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में आगामी जांच एवं कानूनी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।
Reported By: Rimpi Jindal












