मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर में सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती का कार्यक्रम उस समय सियासी अखाड़े में बदलता नजर आया, जब राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और सपा नेता राकेश शर्मा के बीच माइक को लेकर खींचतान हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंत्री संबोधित कर रहे हैं, तभी सपा नेता माइक की ओर बढ़ते हैं और उसे जबरन अपने हाथ में लेने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। मंत्री भी माइक नहीं छोड़ते। देखते ही देखते बात नोकझोंक तक पहुंच जाती है।
शोभा यात्रा के दौरान अचानक हुई घटना
पूरा मामला सोमवार अपराह्न करीब 3 से 4 बजे के बीच का बताया जा रहा है। दरअसल शोभा यात्रा शुरू होने के दौरान वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल माइक लेकर संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान वाल्मीकि समाज के कुछ लोगों ने किसी बात को लेकर शिकायत की। इसी बीच सपा नेता राकेश शर्मा भी अचानक वहां आ धमाके। वायरल वीडियो में वह मंत्री के हाथ से जबरदस्ती माइक लेने की कोशिश करते दिखाई देते हैं। मंत्री इसका विरोध करते हैं और दोनों के बीच माइक को लेकर खींचतान होने लगती है। वीडियो में कपिल देव अग्रवाल सपा नेता की कोशिश पर नाराजगी जताते दिखाई देते हैं। आसपास मौजूद बीजेपी के पूर्व पुरकाजी विधायक प्रमोद ऊंटवाल समेत कुछ लोग भी राकेश शर्मा को टोकते सुनाई देते हैं।
माइक मंत्री के हाथ में ही रहा, माहौल बिगाड़ने की कोशिश का आरोप
एक व्यक्ति को यह कहते भी सुना गया कि, “शर्मा जी, आपकी ये बात अच्छी नहीं है। माहौल बिगाड़ने की कोशिश मत करो।” इस पूरे घटनाक्रम के दौरान माइक मंत्री के हाथ में ही रहता है और कार्यक्रम का यह हिस्सा राजनीतिक चर्चा का विषय बन जाता है। अब इस घटना को लेकर सियासी सवाल भी उठ रहे हैं। क्या राकेश शर्मा वाल्मीकि समाज की शिकायत को सामने लाने की कोशिश कर रहे थे, या शिकायत के बीच अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने का मौका तलाश रहे थे?
Reported by- Rohit












