बिहार: बिहार में गुलाबी ठंड के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। कल यानी 27 अक्टूबर को तो राज्य में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा, लेकिन उसके बाद बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के कारण बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के मुताबिक, 27 अक्टूबर को बिहार में किसी तरह की चेतावनी नहीं है और ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। लोगों को एक दिन की राहत तो मिलेगी, लेकिन 28 अक्टूबर से मौसम बदलने लगेगा।
28 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसका असर रोहतास, भभुआ, बक्सर, औरंगाबाद, पटना, गया, नालंदा, भागलपुर, बांका, मुंगेर समेत कई जिलों में दिखेगा।
बंगाल की खाड़ी में बना तूफान ‘अर्णब’
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अक्टूबर को यह सिस्टम पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में मौजूद था। इसके 26 अक्टूबर की रात तक गंभीर और 27 अक्टूबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। 28 अक्टूबर सुबह तक इसके आंध्र प्रदेश तट के पास पहुंचने का अनुमान है। इसी के असर से बिहार में बारिश होगी।
29 अक्टूबर को सबसे ज्यादा असर
29 अक्टूबर को बारिश का दायरा और बढ़ जाएगा। पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और गोपालगंज में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है। वहीं उत्तर-पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम बिहार के साथ पटना, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, गया और जहानाबाद में भी भारी बारिश हो सकती है। पूरे राज्य में तेज हवाएं चलेंगी।
30 अक्टूबर तक नहीं मिलेगी राहत
30 अक्टूबर को उत्तर-मध्य बिहार, सारण और सीवान में भारी बारिश का अनुमान है। 31 अक्टूबर को अररिया और किशनगंज में भारी बारिश हो सकती है, जबकि बाकी जिलों में गरज-चमक और वज्रपात की संभावना है। 1 नवंबर तक भी कुछ जगहों पर बूंदाबांदी और तेज हवा का असर बना रहेगा। बारिश और बादलों के कारण अगले तीन दिनों में बिहार के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आ सकती है। इससे दिन में गर्मी से राहत मिलेगी और ठंड थोड़ी बढ़ जाएगी।












