Apple अगले साल ला सकता है अपना सबसे पतला iPhone, iPhone Air 2 में मिलेंगे ये शानदार फीचर्स

0
6

नई दिल्ली: Apple का सबसे पतला स्मार्टफोन iPhone Air अपनी खास डिजाइन और स्लिम बॉडी को लेकर काफी चर्चा में रहा है। मुकेश अंबानी के हाथ में भी यह फोन नजर आ चुका है। अब कंपनी के अगले मॉडल iPhone Air 2 को लेकर नई जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो इस बार फोन में कैमरे से लेकर डिस्प्ले और बैटरी तक कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि इसके पिछले हिस्से में दो कैमरे दिए जा सकते हैं।

Apple ने iPhone Air को पिछले साल सितंबर में भारत समेत दुनियाभर के बाजारों में पेश किया था। हालांकि, इस साल सितंबर में हुए लॉन्च इवेंट में कंपनी ने इसका अगला मॉडल पेश नहीं किया। अब नई रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि iPhone Air 2 को अगले साल iPhone 18 और iPhone 18e के साथ लॉन्च किया जा सकता है। फिलहाल Apple ने इसकी लॉन्चिंग या फीचर्स को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।

iPhone Air 2 में मिल सकते हैं कई बड़े अपग्रेड

जीएसएमअरेना की रिपोर्ट के मुताबिक, एक टिप्स्टर ने iPhone Air 2 के संभावित फीचर्स की जानकारी दी है। दावा है कि नए मॉडल में 6.55 इंच तक का डिस्प्ले मिल सकता है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट और 1.5K रेजोल्यूशन दिए जाने की बात कही गई है। इससे फोन पर स्क्रॉलिंग और वीडियो देखने का अनुभव पहले से बेहतर हो सकता है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें A20 सीरीज का 2nm चिपसेट मिलने की उम्मीद है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यही चिपसेट iPhone 18 Pro सीरीज में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे नए मॉडल की प्रोसेसिंग क्षमता और काम करने की रफ्तार बेहतर हो सकती है।

48MP के दो कैमरों से होगा बड़ा बदलाव

iPhone Air 2 में सबसे बड़ा बदलाव इसके कैमरा सेटअप में देखने को मिल सकता है। मौजूदा मॉडल में सिंगल रियर कैमरा मिलता है, जबकि नए फोन में 48MP के दो सेंसर दिए जाने की खबर है। हालांकि, इसके फ्रंट कैमरे को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। इसके अलावा, फोन में पहले के मुकाबले बड़ी बैटरी मिलने की भी संभावना जताई गई है।

पहले से भी पतला हो सकता है iPhone Air 2

रिपोर्ट्स के अनुसार, iPhone Air 2 की मोटाई 5.2mm हो सकती है, जबकि मौजूदा iPhone Air 5.6mm मोटा है। इसके अलावा, इसमें N2 वायरलेस चिप और C2 मॉडेम दिए जाने की बात कही जा रही है। गौरतलब है कि हाल ही में रिलायंस जियो के एक कार्यक्रम के दौरान मुकेश अंबानी के हाथ में iPhone Air दिखाई दिया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here