त्योहारों की रौनक में ट्रैफिक का पहरा, दिल्ली पुलिस ने कसी कमर, बाजारों से सड़कों तक चला अभियान

0
6

नई दिल्ली: त्योहारों की चमक-धमक के बीच राजधानी की सड़कों पर जाम का जाल न फैले और बाजारों में खरीदारी करने निकले लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। भीड़भाड़ वाले बाजारों से लेकर रेलवे स्टेशनों और प्रमुख सड़कों तक यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए विशेष अभियान छेड़ दिया गया है। सेंट्रल रेंज की ट्रैफिक पुलिस ने नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों और सड़क पर कब्जा जमाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का साफ संदेश है।त्योहार मनाइए, लेकिन यातायात नियमों की कीमत पर नहीं!

12 विशेष नाके, नो-एंट्री तोड़ने वालों पर शिकंजा

सेंट्रल रेंज के यातायात पुलिस उपायुक्त के. रमेश ने बताया कि व्यावसायिक और भारी वाहनों की अनधिकृत आवाजाही रोकने के लिए रणनीतिक स्थानों पर 12 विशेष ट्रैफिक नाके स्थापित किए गए हैं। राजघाट, आईटीओ फ्लाईओवर, युधिष्ठिर सेतु, शांतिवन चौक, बुराड़ी फ्लाईओवर, पिंजरा टी-प्वाइंट, इंद्रलोक, चंदगी राम अखाड़ा सहित प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई गई है। नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन करने पर 433 वाहनों के चालान किए गए हैं। वहीं, दिल्ली में पंजीकृत 10 वाहनों के परमिट निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जबकि दूसरे राज्यों में पंजीकृत 66 वाहनों के परमिट निलंबित करने की सिफारिश संबंधित क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरणों को भेजी गई है।

बाजारों में अतिरिक्त फोर्स, 100 होमगार्ड तैनात

सदर बाजार करोल बाग और चांदनी चौक जैसे प्रमुख बाजारों के साथ कश्मीरी गेट आईएसबीटी, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष यातायात प्रबंध किए गए हैं। रोजाना एक अतिरिक्त पुलिस कंपनी और करीब 100 दिल्ली होमगार्ड जवानों की तैनाती की जा रही है। हनुमान सेतु अंडरपास, छत्ता रेल जंक्शन, नेताजी सुभाष मार्ग, पुल डफरिन, पुल मिठाई, रानी झांसी रोड, डीबीजी रोड और मोरी गेट समेत जाम संभावित इलाकों में पुलिसकर्मी मुस्तैद हैं।

अतिक्रमण पर प्रहार, 27 अभियानों में बड़ी कार्रवाई

सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए पिछले एक सप्ताह में 27 विशेष अभियान चलाए गए। इस दौरान 1,974 चालान काटे गए, 389 रेहड़ी-पटरियां हटाई गईं, 1,231 वाहनों पर पहिया जाम करने वाले उपकरण लगाए गए, 112 वाहनों को खींचकर हटाया गया और 78 अवरोधक सामान जब्त किए गए।

पुलिस की अपील: नियमों का करें पालन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने व्यापारियों, बाजार संगठनों, वाहन संचालकों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की है। दुकानदारों से फुटपाथ और सड़क खाली रखने, जबकि वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग का इस्तेमाल करने और नो-एंट्री नियमों का पालन करने को कहा गया है। सेंट्रल रेंज के पुलिस उपायुक्त के. रमेश के नेतृत्व में चल रही इस मुहिम का मकसद त्योहारों के दौरान राजधानी की रफ्तार बनाए रखना और आम जनता का सफर सुरक्षित बनाना है। डीसीपी का संदेश—न सड़क पर कब्जा, न नियमों से खिलवाड़, त्योहारों में दिल्ली की रफ्तार रहे बरकरार।
Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here