नई दिल्ली: राजधानी में अवैध गतिविधियों के खिलाफ दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाते हुए जुए के अड्डे का पर्दाफाश किया है। मदनपुर खादर इलाके में चोरी-छिपे चल रहे कथित जुए के अड्डे पर थाना कालिंदी कुंज पुलिस ने आधी रात को अचानक धावा बोल दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टीम ने जुआ खेलते हुए 11 लोगों को रंगेहाथ दबोच लिया। मौके से 1 लाख 47 हजार 550 रुपये नकद और जुए में इस्तेमाल किए जा रहे 104 ताश के पत्ते बरामद किए गए।
गुप्त सूचना पर आधी रात को छापेमारी
साउथ ईस्ट जिला डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि 2 नवंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि मदनपुर खादर स्थित गली नंबर-5, बबलू डेयरी के पास मकान नंबर 276 में अवैध जुए का कारोबार चल रहा है। सूचना मिलते ही थाना कालिंदी कुंज की टीम ने रणनीति तैयार की और रात करीब 12:15 बजे बताए गए ठिकाने पर छापेमारी कर दी। वहां मौजूद लोग ताश के पत्तों के जरिए कथित तौर पर जुए की बाजी लगा रहे थे।
इन 11 आरोपियों पर कसा शिकंजा
पुलिस ने मौके से मोमिन, मंजूर, सलमान, रफीक, मोहम्मद असलम, हाशिम, शेर खान, संतोष कुमार, आजाद अली, इरशाद और बबलू को गिरफ्तार किया। सभी मदनपुर खादर इलाके के निवासी बताए गए हैं। बरामद नकदी को विधिवत जब्त किया गया और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस मामले में थाना कालिंदी कुंज में एफआईआर नंबर 607/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम: इंस्पेक्टर अमित कुमार, एसआई अजय, एसआई आशीष, हेड कांस्टेबल भारत, हेड कांस्टेबल हरीश, कांस्टेबल महेश और महिला कांस्टेबल नीतू। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमन कुमार के नेतृत्व में तथा एसीपी सरिता विहार अनिल शर्मा की निगरानी में की गई।
Reported By: Pankaj Rai












