तुषार कपूर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 'हैरी बॉक्सर' का धमकी भरा कॉल, 5 करोड़ की रंगदारी की मांग, पुलिस अलर्ट

0
7

मुंबई: बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर को जान से मारने की धमकी देकर 5 करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर हैरी बॉक्सर बताया है। घटना के बाद एक्टर ने तुंरत मुंबई पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जानकारी के मुताबिक तुषार कपूर के पास एक अनजान नंबर से कॉल आया था। फोन करने वाले ने कहा कि उसका नाम हैरी बॉक्सर है और वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा है।

उसने एक्टर से 5 करोड़ रुपये की मांग की और न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। कॉल आते ही तुषार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई पुलिस ने केस एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। पुलिस ने धमकी भरे कॉल की जांच शुरू कर दी है।

आवाज का सैंपल नहीं हुआ मैच, फर्जी कॉल का शक

IANS की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस की तकनीकी टीम ने धमकी वाले कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग को अपने पास मौजूद असली हैरी बॉक्सर की आवाज से मिलाया। जांच में दोनों आवाजें मैच नहीं हुईं। पुलिस को शक है कि किसी ने डराने के लिए गैंग के नाम का इस्तेमाल किया है। ये फर्जी कॉल हो सकती है।
फिलहाल पुलिस उस नंबर और लोकेशन को ट्रेस कर रही है, जहां से कॉल और ऑडियो मैसेज भेजा गया था। आरोपी की तलाश जारी है।

कुछ दिन पहले टाइगर श्रॉफ पर हुआ था हमला

बता दें, कि कुछ दिन पहले ही बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ भी निशाने पर थे। 18 अक्टूबर को टाइगर मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल प्रैक्टिस कर रहे थे। प्रैक्टिस के बाद जैसे ही वो अपनी कार से बाहर निकले, दो हमलावरों ने उनकी कार पर 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए थे, लेकिन उनके ड्राइवर और वहां मौजूद एक व्लॉगर को गोली लग गई थी। बाद में इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली थी। पुलिस ने इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस के साथी अनिल पंडित को मुख्य आरोपी बनाया है।

पिछले कुछ महीनों में कई बॉलीवुड सेलेब्स को बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरे कॉल आ चुके हैं। अब तुषार कपूर का नाम भी इस लिस्ट में जुड़ गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here