उत्तरप्रदेश: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में लंबे इंतजार के बाद संपन्न हुए छात्रसंघ चुनाव ने विश्वविद्यालय परिसर में लोकतांत्रिक परंपराओं और छात्र एकता की शानदार तस्वीर पेश की। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चले मतदान में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही चुनावी रौनक देखने को मिली और छात्रों ने चुनाव को किसी उत्सव की तरह मनाया।
परिसर में शांति और अनुशासन, बिना विवाद संपन्न हुआ मतदान
खास बात यह रही कि पूरे चुनाव के दौरान विश्वविद्यालय परिसर का माहौल शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और अनुशासित बना रहा। मतदान प्रक्रिया के दौरान कहीं भी किसी प्रकार के विवाद, हंगामे या अप्रिय घटना की स्थिति सामने नहीं आई। हालात पूरी तरह सामान्य रहने के चलते प्रॉक्टर कार्यालय को भी हस्तक्षेप करने की आवश्यकता नहीं पड़ी।इस चुनाव की सफलता के पीछे विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच बने सकारात्मक संवाद को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासन और छात्रों में संवाद, कुलपति के रुख से खुला चुनाव का रास्ता
कुलपति प्रोफेसर नईमा खातून द्वारा छात्र-छात्राओं की मांगों को सद्भावपूर्वक स्वीकार किए जाने और उनसे किए गए वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में उठाए गए कदमों के बाद चुनाव का रास्ता प्रशस्त हुआ।गौरतलब है कि छात्रसंघ चुनाव की बहाली को लेकर विद्यार्थियों ने लंबे समय तक अपनी आवाज बुलंद की थी। ऐसे में मतदान का शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना विश्वविद्यालय के लोकतांत्रिक माहौल के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
छात्रों ने पेश की भाईचारे की मिसाल, देश-दुनिया को दिया सकारात्मक संदेश
छात्रों ने जिस तरह अनुशासन, संयम, जिम्मेदारी और आपसी भाईचारे का परिचय दिया, उसने यह साबित कर दिया कि युवा पीढ़ी लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक है।AMU के इस शांतिपूर्ण छात्रसंघ चुनाव ने न केवल विश्वविद्यालय की गरिमा बढ़ाई, बल्कि देश-दुनिया के सामने यह संदेश भी दिया कि असहमति के बीच भी संवाद, लोकतंत्र और अनुशासन कायम रखा जा सकता है।
Reported By: Sandeep












