त्योहारों की मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों पर रेखा सरकार का शिकंजा

0
5

नई दिल्ली: त्योहारों की चमक के बीच मिठाइयों में मिलावट का काला कारोबार करने वालों की अब खैर नहीं! दीपावली के मौके पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सरकार ने मिलावटखोरों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने राजधानी के पांच जिलों में मिठाई की दुकानों, डेयरियों और खाद्य निर्माण इकाइयों पर ताबड़तोड़ जांच अभियान चलाकर कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। इस दौरान 40 खाद्य नमूने लिए गए और आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस थमाए गए।

अभियान के दौरान मंडोली एक्सटेंशन स्थित एक डेयरी में गंदगी और लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया। यहां दुर्गंधयुक्त खोया, रसगुल्ले और मच्छर-मक्खियों से दूषित दूध मिला। विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 100 किलोग्राम मानव उपभोग के अयोग्य खाद्य सामग्री नष्ट करा दी।

मिठाइयों से लेकर घी तक की जांच

उत्तर-पूर्वी, पूर्वी और शाहदरा जिलों में खोया, पनीर, घी, कलाकंद, लड्डू, गुलाब जामुन और सूखे मेवों के उपहार पैक सहित 22 नमूने लिए गए। वहीं दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में 12 प्रतिष्ठानों की जांच कर 18 नमूने जुटाए गए। निहाल विहार की एक मिठाई निर्माण इकाई बिना खाद्य सुरक्षा पंजीकरण के संचालित मिली, जहां से तीन नमूने लिए गए।

लापरवाही पर सरकार सख्त

स्वच्छता मानकों में कमियां मिलने पर आठ प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए हैं। नमूनों की प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई होगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने नियमित जांच और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सरकार का संदेश साफ है त्योहारों की मिठास में मिलावट का जहर घोलने वालों पर कानून का शिकंजा कसेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here