पटना: मोकामा के विधायक अनंत सिंह अपनी बेटी की शादी को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हैं। इस समारोह में राजनीति से लेकर बॉलीवुड और भोजपुरी फिल्म जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। शादी का निमंत्रण पत्र साझा करते हुए उन्होंने साफ किया है कि इस खास मौके पर किसी तरह का राजनीतिक भेदभाव नहीं होगा। समारोह में हर किसी का स्वागत किया जाएगा, चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा हो। अनंत सिंह इन दिनों खुद अपने मित्रों और परिचितों से मिलकर शादी का न्योता दे रहे हैं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने मेहमानों को लेकर अपनी बात खुलकर रखी। विधायक ने कहा कि उनकी बेटी की शादी में हिंदुस्तान या पाकिस्तान, कहीं से भी कोई आना चाहे तो उसका दिल से स्वागत किया जाएगा। उनके मुताबिक, यह खुशी का मौका है और इसमें सभी को शामिल होना चाहिए।
बेटी की शादी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चाएं तेज हैं। अनंत सिंह ने बताया कि वह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के तमाम बड़े नेताओं को निमंत्रण भेज रहे हैं। उनकी इच्छा है कि इस मांगलिक अवसर पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता एक साथ नजर आएं और वर-वधू को अपना आशीर्वाद दें। उनका मानना है कि शादी जैसे पारिवारिक समारोह में पक्ष और विपक्ष की कोई जगह नहीं होती।
बॉलीवुड और भोजपुरी सितारों को न्योता
इस समारोह में राजनीतिक हस्तियों के साथ मनोरंजन जगत के कई चर्चित चेहरे भी शामिल हो सकते हैं। अनंत सिंह के अनुसार, अभिनेता सोनू सूद, ‘धुरंधर’ फेम आयशा खान, सांसद एवं गायक मनोज तिवारी, विशाल मिश्रा, लोक गायिका मैथिली ठाकुर, रवि किशन, अभिनेत्री अक्षरा सिंह और भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह को आमंत्रित किया गया है। विधायक ने बताया कि करीब तीन दर्जन बॉलीवुड और अन्य कलाकार समारोह में पहुंचेंगे। इसके अलावा दुबई से छह मॉडल भी शादी में शामिल होने आ रहे हैं। ऐसे में समारोह में फिल्मी सितारों का जमावड़ा देखने को मिल सकता है।
पैतृक गांव में चल रही भव्य तैयारियां
विवाह को लेकर अनंत सिंह के पैतृक गांव में उत्सव जैसा माहौल है। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-पाठ और दूसरे धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो चुके हैं। शादी के लिए एक विशाल मंडप तैयार किया जा रहा है। मेहमानों के स्वागत और उनकी सुविधाओं के लिए गांव में बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं। परिवार इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटा है। अब सबकी नजरें इस समारोह पर हैं, जहां राजनीति और मनोरंजन जगत की कई जानी-मानी हस्तियां एक साथ नजर आ सकती हैं।












