वृंदावन: दीपावली की खुशियां अपनों के साथ बांटने की परंपरा को सार्थक करते हुए वृंदावन पुलिस ने सराहनीय पहल की। क्षेत्राधिकारी वृंदावन संदीप सिंह और थाना प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ स्थानीय वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां रह रहे बुजुर्गों के बीच दीपावली का त्योहार मनाकर उन्हें अपनत्व का एहसास कराया। पुलिस अधिकारियों ने वृद्धजनों का कुशलक्षेम जाना और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान पुलिस टीम ने सभी बुजुर्गों को मिठाई, फल, मोमबत्तियां और उपहार भेंट किए। पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर वृद्धजनों के चेहरे खिल उठे। किसी ने पुलिस अधिकारियों से अपने मन की बात साझा की तो किसी ने उन्हें आशीर्वाद दिया। त्योहार के मौके पर मिले इस स्नेह और सम्मान से वृद्धाश्रम का माहौल भावुक और उल्लासपूर्ण हो गया।
बुजुर्ग समाज की धरोहर, सुरक्षा का भरोसा
क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की धरोहर हैं। त्योहारों की असली खुशी अपनों के साथ मिलकर खुशियां बांटने में है। वहीं, थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए हमेशा तत्पर है। वृद्धाश्रम के प्रबंधकों और बुजुर्गों ने वृंदावन पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को आशीर्वाद देते हुए उनके इस प्रयास को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।












