कासना पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 24 घंटे में चोरी का पर्दाफाश; तीन शातिर गिरफ्तार

0
6

ग्रेटर नोएडा: अपराधी कितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें कानून के लंबे हाथ आखिरकार उन तक पहुंच ही जाते हैं। ग्रेटर नोएडा के कासना इलाके में चोरी की एक वारदात को अंजाम देकर फरार होने की फिराक में बैठे तीन आरोपियों की योजना पर पुलिस ने महज 24 घंटे में पानी फेर दिया। एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र में सेंध लगाकर 28 महंगी यूपीएस बैटरियां और मशीन की लाइसेंस मास्टर-की चोरी करने वाले तीन आरोपियों को कासना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी का शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया रिक्शा और दो अवैध चाकू भी बरामद हुए हैं।

खिड़की तोड़कर अंदर घुसे, बैटरियां समेटीं और रिक्शे पर लादकर हो गए फरार

पुलिस के मुताबिक 7 नवंबर 2026 को एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र कासना के उप महाप्रबंधक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि खानपुर रोड स्थित संस्थान के 3डी प्रिंटिंग कक्ष से कई एमेरॉन क्वांटा यूपीएस बैटरियां और 3डी प्रिंटिंग मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की चोरी कर ली गई है। शिकायत के आधार पर थाना कासना में मुकदमा अपराध संख्या 223/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया गया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही मैनुअल इंटेलिजेंस को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस की लगातार कोशिशों का नतीजा रहा कि 8 नवंबर को ही तीनों आरोपियों को थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया।

तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का पूरा माल बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उस्मान अली (20) पुत्र साबिर अली निवासी ग्राम फिरोजपुर जिला संभल वर्तमान पता लडपुरा कासना, जौनी (22) पुत्र जनक सिंह निवासी खतौली मुजफ्फरनगर वर्तमान पता घोड़ी बछेड़ा, दादरी और इमान (22) पुत्र इस्लाम निवासी ओल्ड फरीदाबाद हरियाणा वर्तमान पता ऐच्छर, बीटा-2, गौतमबुद्धनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 28 एमेरॉन बैटरियां मशीन की लाइसेंस/मास्टर-की के रूप में इस्तेमाल होने वाली पेन ड्राइव, दो अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल किया गया रिक्शा बरामद किया है। इस बरामदगी के साथ पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।

बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया था चोरी का माल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तीनों ने मिलकर एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र की खिड़की तोड़ी और अंदर दाखिल होकर 28 बैटरियां तथा मशीन में लगी पेन ड्राइव चोरी कर ली थी। इसके बाद बैटरियों को रिक्शे पर लादकर एक बंद पड़ी फैक्ट्री में छिपा दिया था। आरोपियों को उम्मीद थी कि चोरी का माल सुरक्षित ठिकाने पर छिपाकर वे पुलिस की नजरों से बच जाएंगे, लेकिन सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की सक्रियता ने उनकी पूरी योजना उजागर कर दी।

आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी उस्मान अली का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ संभल जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, धोखाधड़ी और शस्त्र अधिनियम से संबंधित कई मुकदमे दर्ज हैं। गौतमबुद्धनगर के बीटा-2 और कासना थानों में भी उसके खिलाफ पूर्व में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। वहीं आरोपी जौनी के खिलाफ गाजियाबाद के कविनगर और ट्रांस हिंडन तथा गौतमबुद्धनगर के दादरी थाने में मुकदमे दर्ज हैं। तीसरे आरोपी इमान के खिलाफ गाजियाबाद के अंकुर विहार और गौतमबुद्धनगर के बीटा-2 थाने में पूर्व के मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा का बयान

डीसीपी सेंट्रल नोएडा प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र में चोरी की सूचना मिलते ही कासना पुलिस को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सभी 28 बैटरियां, मशीन की मास्टर-की के रूप में इस्तेमाल होने वाली पेन ड्राइव, दो अवैध चाकू और घटना में प्रयुक्त रिक्शा बरामद किया गया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

थाना कासना पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण मैनुअल इंटेलिजेंस और त्वरित कार्रवाई के जरिए इस चोरी की घटना का खुलासा किया। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने आरोपियों की पहचान से लेकर गिरफ्तारी और चोरी के पूरे माल की बरामदगी तक कार्रवाई को अंजाम दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here