पटाखों ने झुलसाए 206 लोग, तीन दिन में अस्पताल में मचा हड़कंप, 9 नवंबर 71 नए मरीज हुए भर्ती

0
8

नई दिल्ली: दीपावली पर आसमान में रोशनी बिखेरने वाले पटाखे कई परिवारों के लिए दर्द और परेशानी की वजह बन गए। राजधानी के वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज एवं सफदरजंग अस्पताल में दीपावली से जुड़ी आग से झुलसने की घटनाओं ने चिंताजनक तस्वीर पेश की है। अस्पताल में 7 से 9 नवंबर 2026 के बीच महज तीन दिनों में झुलसने के कुल 206 मामले दर्ज किए गए। इनमें सबसे अधिक लोग पटाखों की चपेट में आकर घायल हुए। आंकड़े बताते हैं कि त्योहार की आतिशबाजी के दौरान बरती गई लापरवाही किस तरह लोगों की खुशियों को अस्पताल के बिस्तरों तक पहुंचा सकती है।

अस्पताल की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक 9 नवंबर को एक ही दिन में झुलसने के 71 नए मामले सामने आए। इनमें 68 लोग पटाखों से घायल हुए, जबकि तीन लोगों के झुलसने की वजह दीपक (दीया) की आग रही। एक दिन में सामने आए इन मामलों ने दीपावली के दौरान आग से होने वाली दुर्घटनाओं की गंभीरता को उजागर कर दिया है।

तीन दिनों में 197 लोग पटाखों की चपेट में

7 से 9 नवंबर तक के कुल आंकड़ों पर नजर डालें तो 206 घायलों में से 197 लोग पटाखों से झुलसे, जबकि नौ लोग दीयों की आग से घायल हुए। यानी अस्पताल में दर्ज कुल मामलों में पटाखों से संबंधित घटनाओं की संख्या सबसे अधिक रही। यह आंकड़ा बताता है कि आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी कितनी भारी पड़ सकती है।

खुशियों के त्योहार में सावधानी जरूरी

दीपावली रोशनी उमंग और खुशियों का पर्व है, लेकिन थोड़ी सी असावधानी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। पटाखे जलाते समय सुरक्षित दूरी बनाए रखना, बच्चों को अकेले आतिशबाजी न करने देना, ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी रखना और दीपक जलाते समय विशेष सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

अस्पताल में घायलों का उपचार जारी

सफदरजंग अस्पताल प्रशासन के अनुसार, आग से झुलसे सभी प्रभावित मरीजों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल ने लोगों से जनजागरूकता बढ़ाने जिम्मेदारी के साथ त्योहार मनाने और अग्नि सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here