धेरना पोस्ट के पास मिले किश्तवाड़ में लापता हुए दो SPO के शव, सिर और पीठ पर लगी गोली

0
9

किश्तवाड़: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता हुए दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के शव धेरना पोस्ट के पास बरामद किए गए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों की गोली मारकर हत्या की गई है। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। मृतकों की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। रशपाल की उम्र 40 साल, जबकि बाबी चंद की उम्र 54 साल बताई गई है। दोनों के शवों पर गोली लगने के निशान मिले हैं। एक जवान के सिर और दूसरे की पीठ पर गोली लगी थी।

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इलाके में पहले से घात लगाए बैठे आतंकवादियों ने दोनों SPO पर हमला किया। बताया जा रहा है कि वे धेरना पोस्ट की ओर जा रहे थे, जहां उन्हें ड्यूटी पर तैनात अपने दो साथियों को छोड़ना था। इसी दौरान उन पर गोलियां चलाई गईं। दोनों जवानों के पास मौजूद INSAS और .303 राइफलें भी मौके से गायब मिली हैं। आशंका है कि हमलावरों ने हत्या के बाद उनके हथियार अपने साथ ले लिए। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और हमलावरों की पहचान को लेकर जांच जारी है।

मोबाइल बंद होने के बाद शुरू हुई तलाश

जानकारी के मुताबिक, दोनों SPO सेना के साथ पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थे। उनके लापता होने से पहले इलाके में गोलियां चलने की आवाज भी सुनी गई थी। शुरुआत में दोनों के मोबाइल फोन पर संपर्क हो रहा था, लेकिन कुछ समय बाद फोन बंद हो गए। इसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। जब दोनों जवान तय समय पर वापस नहीं लौटे, तो पुलिस और सेना ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया। कई घंटों की खोजबीन के बाद गुरुवार सुबह धेरना टॉप इलाके से उनके शव बरामद हुए। अब हमलावरों को पकड़ने के लिए सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया है।

किश्तवाड़ में पहले भी हुई SPO की हत्या

किश्तवाड़ के दुर्गम और जंगली इलाकों में आतंकवादियों की तलाश के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। हाल के अभियानों में कई सक्रिय आतंकवादी मारे गए हैं, लेकिन ऐसे इलाके सुरक्षा बलों के लिए अब भी चुनौती बने हुए हैं। इससे पहले 16 अक्टूबर को वानीपोरा त्रिगाम में 55 वर्षीय SPO बशीर अहमद का शव उनके घर के पास मिला था। वह पेडिल पुलिस पोस्ट पर तैनात थे और ड्यूटी से लौटते समय अपनी SLR राइफल के साथ लापता हो गए थे। बाद में जांच में सामने आया कि जमीन के विवाद के चलते उनके रिश्तेदारों ने उनकी हत्या की थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here