NATO में एंट्री का रास्ता खुला, लेकिन यूक्रेन को झेलनी होगी बेइज्जती, जेलेंस्की को US का बड़ा ऑफर

0
10

नई दिल्ली: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग को शांत करवाने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में बातचीत जारी है। अब इस बातचीत में एक बार फिर से यूक्रेन के लिए नाटो सदस्यता का ऑफर सामने आ गया है। लेकिन इस सदस्यता को हासिल करने के लिए जेलेंस्की और यूक्रेन को अपमान का घूंट पीना होगा। आबूधाबी में हुई शांति वार्ता के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि अमेरिका की तरफ से यूक्रेन को नाटो की सदस्यता देने की बात कही गई है। हालांकि, इसके सामने उन्होंने पूर्वी डोनबास के हिस्सों पर अपना दावा छोड़ना होगा। बता दें, डोनबास यूक्रेन का ऐतिहासिक हिस्सा है। इस क्षेत्र पर युद्ध की शुरुआत से ही रूसी सेना ने वर्चस्व कायम रखा है।

जेलेंस्की ने वाशिगंटन से आए ऑफर की दी जानकारी 

आबूधाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में हुई शांति वार्ता के बाद जेलेंस्की ने वाशिंगटन की तरफ से आए इस ऑफर के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पहली बार है, जब अमेरिका की तरफ से ऐसा ऑफर आया है। हालांकि, जेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि यूक्रेन जमीन का कोई भी हिस्सा किसी दूसरे देश को देने के लिए तैयार नहीं है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति भले ही डोनबास को न छोड़ने के अपने दावे पर जोर दे रहे हों, लेकिन उन्होंने युद्ध खत्म करने के लिए अमेरिका की तरफ से आए इस ऑफर पर विचार करने का संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि अगर अमेरिका सुरक्षा गारंटी और नाटो की सदस्यता के सामने इस ऑफर पर गंभीरता से बात करता है, तो वह यूक्रेन में इस पर रेफरेंडम करवाने के लिए तैयार हैं।

यूक्रेन के डोनबास छोड़ने पर खत्म होगा युद्ध?

यूक्रेन पिछले चार सालों से अमेरिका और यूरोप की दम पर युद्ध लड़ रहा है। लेकिन अब ट्रंप प्रशासन के सत्ता में आने के बाद उसके हालात लगातार कमजोर होते जा रहे हैं। हथियारों के अलावा डिप्लौमैटिक और आर्थिक रूप से भी अमेरिका लगातार यूक्रेन को झटका दे रहा है। ऐसे में युद्ध को जारी रखना यूक्रेन के लिए आसान नहीं है। ऐसे में अमेरिका की तरफ ले आया यह ऑफर यूक्रेन और रूस दोनों को ही इस युद्ध से निकलने का एक रास्ता देता हुआ नजर आ रहा है।

अमेरिका की तरफ से आए ऑफर पर जेलेंस्की ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भले ही अमेरिका की तरफ से यह ऑफर रखा गया है, लेकिन देखना होगा कि इस पर पुतिन का रिएक्शन क्या होता है। उन्होंने कहा, “अमेरिका की तरफ से आए इस प्रस्ताव के बाद ऐसा है कि नाटो की सदस्यता एक बार फिर से वार्ता का हिस्सा बन गई है। लेकिन हमें पुतिन के संकेत भी समझने होंगे।”

बता दें, रूस और यूक्रेन पिछले चार सालों से लगातार लड़ रहे हैं। यह युद्ध रूस की एक प्रमुख शिकायत के साथ शुरू हुआ था कि यूक्रेन नाटो सदस्य नहीं बनेगा। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुरुआत से ही इस बात पर जोर दिया था। हालांकि, यूक्रेन और अमेरिका के तत्कालीन बाइडेन प्रशासन की जुगलबंदी ने रूस की इस शिकायत को दरकिनार कर दिया।

डोनबास के बदले नाटो सदस्यता, यूक्रेन के लिए फायदे का सौदा?

सवाल यही है कि क्या डोनबास देकर नाटो का सदस्य बनना यूक्रेन के लिए फायदे का सौदा है? वह भी ऐसे समय में जब डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने नाटो को एक बिना दांतों वाला शेर या पेपर टाइगर करार दिया है। पुतिन के लिए यह एक बेहतर मौका साबित हो सकता है। राष्ट्रपति ट्रंप के शासन काल में रूस के सामने भी यह सच्चाई आ चुकी है कि नाटो एक पेपर टाइगर की तरह काम कर रहा है। लेकिन दूसरी तरफ डोनबास का हिस्सा रूस में शामिल कर या आजाद करवाकर वह इस युद्ध को भी जायज ठहरा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here