नई दिल्ली: आज छठ महापर्व का तीसरा दिन है। शाम होते ही देशभर के घाटों पर आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिलेगा। व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। इस खास मौके के लिए घरों में सुबह से ही तैयारियां शुरू हो जाती हैं। प्रसाद बनाने से लेकर पूजा की सामग्री सजाने तक, हर रस्म का अपना महत्व है।
छठ पूजा में ठेकुआ को विशेष प्रसाद माना जाता है। इसके साथ नारियल, गन्ना, मौसमी फल और दूसरी पूजन सामग्री तैयार की जाती है। इन सभी चीजों को बांस के सूप और दउरे में सजाकर रखा जाता है। शाम को व्रती परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री लेकर घाटों की ओर रवाना होते हैं। घाट पर पहुंचकर व्रती पानी में खड़े होते हैं और सूर्यास्त के समय सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान जल और कच्चा दूध अर्पित किया जाता है। सूर्यदेव और छठी मैया से परिवार की सुख-शांति, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की जाती है। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते हैं और पूरा माहौल भक्तिमय हो जाता है।
छठ पूजा 2026: प्रमुख शहरों में संध्या अर्घ्य का समय
छठ पूजा में संध्या अर्घ्य सूर्यास्त के समय दिया जाता है। ऐसे में व्रतियों के लिए अपने शहर में सूर्य डूबने का सही समय जानना जरूरी है। आज पटना में शाम 5:01 बजे, नई दिल्ली में 5:28 बजे, नोएडा और गाजियाबाद में 5:27 बजे, लखनऊ में 5:16 बजे, कोलकाता में 4:53 बजे, बेंगलुरु में 5:50 बजे, रांची में 5:04 बजे, जमशेदपुर में 5:01 बजे, भागलपुर में 4:54 बजे, पुणे में 5:57 बजे, वाराणसी में 5:10 बजे, गोरखपुर में 5:06 बजे, कानपुर में 5:19 बजे, चंडीगढ़ में 5:26 बजे, मेरठ में 5:25 बजे और भोपाल में शाम 5:36 बजे सूर्यास्त होगा। अगर आप भी आज घाट पर अर्घ्य देने जा रहे हैं, तो अपने शहर के समय के अनुसार तैयारी कर लें।
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की सही विधि
संध्या अर्घ्य के लिए सबसे पहले बांस के सूप और दउरे में ठेकुआ, नारियल, गन्ना, फल और पूजा की अन्य सामग्री रख लें। व्रती छठी मैया के पारंपरिक गीत गाते हुए सूर्यास्त से पहले घाट पर पहुंचें। इसके बाद पानी में कमर तक खड़े होकर सूर्यदेव को जल और कच्चे दूध से अर्घ्य अर्पित करें। इस दौरान परिवार की सुख-शांति और मंगल की कामना करें। संध्या अर्घ्य के साथ छठ पूजा का तीसरा दिन पूरा हो जाता है, लेकिन पर्व की एक और महत्वपूर्ण रस्म बाकी रहती है। अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जिसे उषा अर्घ्य कहते हैं। इसलिए शाम की पूजा पूरी होने के बाद व्रती सुबह होने वाली पूजा की तैयारियां भी कर लेते हैं।












