वृंदावन: कार्तिक मास और रविवार के अवकाश के चलते धर्मनगरी वृंदावन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह तड़के से ही ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। देखते ही देखते मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ का दबाव इतना अधिक था कि मंदिर की ओर जाने वाली प्रमुख कुंज गलियां और संपर्क मार्ग श्रद्धालुओं से खचाखच भर गए। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को भी आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात व्यवस्था प्रभावित
देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के चलते शहर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित रही। परिक्रमा मार्ग, विद्यापीठ चौराहा, जुगल घाट सहित प्रमुख मार्गों पर दिनभर जाम के हालात बने रहे। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात रेंगता नजर आया। वहीं, संकरी गलियों में श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया।
भीड़ नियंत्रण के प्रयास
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और मंदिर के सुरक्षाकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर श्रद्धालुओं को रोक-रोककर आगे बढ़ाया गया। इसके बावजूद मंदिर के आसपास भीड़ का दबाव बना रहा। कार्तिक मास में धार्मिक महत्व के चलते वृंदावन पहुंच रहे श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर नगर की यातायात और व्यवस्थाओं के सामने चुनौती खड़ी कर दी।
Reported By: Prem Kaushik












