यमुना एक्सप्रेसवे पर कंटेनर से टकराई एंबुलेंस, चालक की हालत गंभीर

0
10

मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नौहझील थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 75.200 के पास नोएडा से आगरा की ओर जा रही निजी एंबुलेंस आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एंबुलेंस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

नींद की झपकी आने से कंटेनर में घुसी एंबुलेंस

जानकारी के अनुसार, हादसा रविवार सुबह करीब पांच बजे हुआ। बताया गया कि एंबुलेंस चालक राहुल कुमार को अचानक नींद की झपकी आ गई। इससे वह आगे चल रहे कंटेनर को देख नहीं पाया और तेज रफ्तार एंबुलेंस सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर के बाद चालक वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया। सुबह 5:10 बजे घटना की सूचना यमुना एक्सप्रेसवे की हाईवे पेट्रोलिंग टीम को मिली। सूचना पर नौहझील थाना क्षेत्र की बाजना कट मोबाइल पुलिस टीम और एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंच गई।

कड़ी मशक्कत के बाद चालक को निकाला, हालत गंभीर

पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस के क्षतिग्रस्त हिस्से में फंसे चालक को बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस से उपचार के लिए आगरा भेजा गया। उसकी हालत गंभीर होने के चलते हायर सेंटर रेफर किए जाने की जानकारी है।

आगरा निवासी राहुल कुमार के रूप में हुई चालक की पहचान

घायल की पहचान राहुल कुमार पुत्र महेश चंद्र निवासी कलेसर, थाना एत्मादपुर, जिला आगरा के रूप में हुई है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को सड़क से हटवाकर यार्ड में खड़ा कराया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को नींद की झपकी आना सामने आई है। पुलिस मामले में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here