महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों को मिला ‘आरंभ’ का सहारा, दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने आधुनिक शिशु गृह का किया उद्घाटन

0
8

नई दिल्ली: कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाली दिल्ली पुलिस ने अब अपने परिवारों की खुशियों और महिला पुलिसकर्मियों की सुविधाओं को लेकर भी एक सराहनीय पहल की है। ड्यूटी की व्यस्तता के बीच अपने बच्चों की देखभाल को लेकर चिंतित रहने वाली महिला पुलिसकर्मियों को राहत देने के उद्देश्य से नई दिल्ली जिला पुलिस ने ‘आरंभ  एक नई शुरुआत’ नाम से विशेष शिशु गृह (क्रेच) की शुरुआत की है। 14 नवंबर 2026 को कनॉट प्लेस पुलिस थाने में स्थापित इस आधुनिक शिशु गृह का उद्घाटन दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने किया।

इस पहल का उद्देश्य महिला पुलिसकर्मियों को ऐसा सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने बच्चों की देखभाल की चिंता से मुक्त होकर पूरी एकाग्रता और आत्मविश्वास के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकें। पुलिस विभाग की यह पहल इस संदेश को भी मजबूत करती है कि पुलिसकर्मी केवल कानून के रक्षक ही नहीं, बल्कि परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाले संवेदनशील इंसान भी हैं।

खेल, शिक्षा और मनोरंजन का मिलेगा संगम

‘आरंभ’ को बच्चों की उम्र और जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग खेल क्षेत्र बनाया गया है, जहां सुरक्षित खिलौनों और खेल उपकरणों के माध्यम से बच्चे अपना समय आनंदपूर्वक बिता सकेंगे। इसके अलावा इनडोर खेल, शैक्षणिक खिलौने और सीखने-सिखाने से जुड़ी सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।

बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने के लिए चित्रकला, रंग भरने, पेंटिंग और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए अलग स्थान बनाया गया है। वहीं, पुस्तकों और शैक्षणिक सामग्री से सुसज्जित अध्ययन एवं पठन कोना बच्चों के शुरुआती बौद्धिक विकास और सीखने की क्षमता को प्रोत्साहित करेगा। छोटे बच्चों की आराम और नींद की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विश्राम एवं सोने के लिए भी आरामदायक स्थान तैयार किया गया है। पूरे परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छता और बच्चों के अनुकूल वातावरण का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि उन्हें घर जैसा सुरक्षित और सहज माहौल मिल सके।

महिला पुलिसकर्मियों को मिलेगी बड़ी राहत

पुलिस की नौकरी में लंबे कार्य घंटे आपातकालीन ड्यूटी और कानून-व्यवस्था से जुड़ी जिम्मेदारियों के कारण महिला पुलिसकर्मियों के सामने बच्चों की देखभाल एक बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में ‘आरंभ’ उनके लिए महत्वपूर्ण सहारा साबित होगा। ड्यूटी के दौरान बच्चों को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलने से महिला पुलिसकर्मी अधिक निश्चिंत होकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी। यह पहल केवल एक शिशु गृह की स्थापना तक सीमित नहीं है, बल्कि पुलिस विभाग में महिला कर्मियों के योगदान, उनके पारिवारिक दायित्वों और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता को भी सम्मान देती है।

परिवारों की खुशहाली, पुलिस की प्राथमिकता

दिल्ली पुलिस की इस पहल से यह संदेश गया है कि एक मजबूत पुलिस व्यवस्था के लिए उसके जवानों और अधिकारियों का कल्याण भी उतना ही जरूरी है। ‘आरंभ’ के माध्यम से नई दिल्ली जिला पुलिस ने एक संवेदनशील, समावेशी और परिवार के अनुकूल कार्यसंस्कृति विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इस अवसर पर नई दिल्ली जिला पुलिस के उपायुक्त सचिन शर्मा ने इस पहल को पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के कल्याण के प्रति विभाग की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here