नई दिल्ली: राजधानी में पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे की डोर मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने जनसुनवाई अभियान के तहत एक बार फिर थानों में जनता की समस्याएं सुनीं। शनिवार 14 नवंबर 2026 को दिल्ली के विभिन्न जिलों के पुलिस थानों में आयोजित ‘थाना दिवस–जनसुनवाई’ कार्यक्रम के दौरान कुल 2,394 शिकायतों और जनसमस्याओं का निस्तारण किया गया। इस पहल के जरिए दिल्ली पुलिस ने साफ संदेश दिया कि आम नागरिकों की शिकायतों को सुनना और उनका समयबद्ध समाधान करना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
जनसुनवाई के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न थानों का दौरा कर सीधे आम लोगों से संवाद किया। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, उनकी शिकायतों और चिंताओं को दर्ज किया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायतों के समाधान में तेजी लाने के साथ-साथ अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि आम नागरिकों को अपनी समस्या लेकर अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।
हर शनिवार थाने में मिलेगी सुनवाई की सुविधा
दिल्ली पुलिस की इस व्यवस्था के तहत नागरिक प्रत्येक शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने संबंधित पुलिस थाने में पहुंचकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को गति दी जाती है। इससे आम लोगों को अपनी बात सीधे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
उपराज्यपाल के निर्देश पर शुरू हुई थी पहल
‘थाना दिवस–जनसुनवाई’ अभियान की शुरुआत जून 2026 में दिल्ली के माननीय उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू के निर्देशों के बाद की गई थी। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस सेवाओं को आम नागरिकों के लिए अधिक सुलभ बनाना, पुलिस और जनता के बीच संवाद बढ़ाना तथा शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में जारी है अभियान
दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार के नेतृत्व में इस अभियान को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों की प्रत्यक्ष भागीदारी से पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही, निगरानी और पारदर्शिता को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली पुलिस का मानना है कि जनता की समस्याओं को सीधे सुनने से न केवल शिकायतों के समाधान में तेजी आती है, बल्कि पुलिस के प्रति नागरिकों का विश्वास भी मजबूत होता है।
Reported By: Pankaj Rai












