मथुरा: मांट थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और 315 बोर के दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की है।
चेकिंग के दौरान तलाशी और बरामदगी
पुलिस के अनुसार, सोमवार को थाना मांट की टीम दरवे नहर पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध परिस्थितियों में बाइक सवार युवक को रोककर तलाशी ली। उसकी पहचान सरजू उर्फ सज्जू (20) पुत्र ज्ञानपाल निवासी रोशन विहार कॉलोनी, लक्ष्मीनगर, थाना जमुनापार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद हुए।
बाइक चोरी की और मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बाइक की जांच की तो उस पर यूपी 85 सीई 6913 नंबर की प्लेट लगी हुई थी। जांच में बाइक का वास्तविक पंजीकरण नंबर यूपी 81 डीएक्स 8072 पाया गया। इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल को चोरी का मानते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मांट में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की है।











