विधायक पूरन प्रकाश ने हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली को किया रवाना

0
7

वृंदावन: सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग की ओर से सोमवार को वृंदावन स्थित परमेश्वरी देवी धानुका सरस्वती विद्या मंदिर में सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। बलदेव विधायक पूरन प्रकाश ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए प्रशासन के साथ-साथ आमजन की सहभागिता भी जरूरी है।

छात्र-छात्राओं से नियमों के पालन की अपील  

विधायक ने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने अभिभावकों व परिवार के अन्य सदस्यों को भी हेलमेट और सीट बेल्ट के इस्तेमाल के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी भर का दर्द दे सकती है। सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं और युवाओं ने जागरूकता रैली एवं वॉकथॉन निकालकर लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया।

पीड़ित परिवारों के अनुभव और शपथ ग्रहण  

कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ित परिवारों को भी आमंत्रित किया गया। पीड़ित परिजनों ने मंच से अपने साथ हुए हादसों और उनके परिवार पर पड़े दर्दनाक प्रभावों को साझा किया। उनके अनुभवों की वीडियो क्लिप भी तैयार कराई गई, जिनका सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके बाद विधायक और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, परिवहन कर्मियों और उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। सभी ने संकल्प लिया कि बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित उम्र से पहले वाहन नहीं चलाएंगे। दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग करेंगे। निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करेंगे।

पखवाड़े की कार्ययोजना और जागरूकता उपाय  

वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत ने बताया कि शासन की ओर से जारी दिवसवार कार्ययोजना के तहत 30 नवंबर 2026 तक जिलेभर में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यात्री वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और मालवाहक वाहनों पर रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप लगवाकर चालकों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

वाहन स्वामियों को क्लच, स्टेयरिंग और ब्रेक सिस्टम दुरुस्त रखने तथा अतिरिक्त हाई बीम लाइटों का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी गई है। कोहरे के दौरान दृश्यता बेहद कम होने पर वाहन को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर खड़ा करने और कोहरा छंटने के बाद ही दोबारा यात्रा शुरू करने की अपील की गई। उन्होंने नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन कर मथुरा को सड़क दुर्घटना मुक्त बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मौजूद गणमान्य व्यक्ति  

कार्यक्रम में विधायक पूरन प्रकाश, वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत, वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) नीतू सिंह, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह, यात्रीकर अधिकारी संदीप चौधरी, विद्यालय प्रबंधक शिवेंद्र गौतम, प्रधानाचार्य ओमप्रकाश शर्मा, उप प्रधानाचार्य देवेंद्र गौतम सहित परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विभिन्न स्टेकहोल्डर और विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here