नई दिल्ली: विदेश में रहने के दौरान वहां के नियमों को समझना बेहद जरूरी है। कई बार छोटी सी लापरवाही भी जेब पर भारी पड़ सकती है। ऑस्ट्रेलिया में रह रही एक भारतीय महिला के साथ ऐसा ही हुआ। वह बाइक चलाते समय हेलमेट पहने हुए थी, लेकिन फिर भी पुलिस ने उसका चालान काट दिया। इसकी वजह जानकर उसे भी हैरानी हुई। महिला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपना अनुभव साझा किया और इसे ऑस्ट्रेलिया आने के बाद मिले सबसे महंगे कल्चर शॉक में से एक बताया। उसके मुताबिक, वह ट्रैफिक नियमों का पालन करती थी और उसे लगता था कि हेलमेट पहनकर वह जरूरी सावधानी बरत रही है। हालांकि, एक छोटी सी चूक के कारण उसे जुर्माना भरना पड़ा।
महिला ने बताया कि एक दिन बाइक चलाते समय पुलिसकर्मी ने उसे रोक लिया। जांच में पता चला कि उसके हेलमेट की चिन स्ट्रैप यानी नीचे की बेल्ट खुली हुई थी। उसने हेलमेट तो पहन रखा था, लेकिन उसे लॉक करना भूल गई थी। पुलिस ने इस गलती के लिए सीधे जुर्माना लगा दिया। महिला को उम्मीद थी कि हेलमेट पहने होने के कारण उसे राहत मिल जाएगी, लेकिन वहां नियमों को लेकर कोई ढील नहीं दी गई।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैफिक नियमों की तुलना
महिला ने अपनी पोस्ट में भारत और ऑस्ट्रेलिया के ट्रैफिक नियमों के पालन के तरीके का अंतर भी बताया। उसका कहना था कि भारत में कई बार लोग हेलमेट पहन तो लेते हैं, लेकिन उसकी बेल्ट खुली छोड़ देते हैं। कुछ जगहों पर पुलिस भी इस लापरवाही को नजरअंदाज कर देती है। इसके उलट, ऑस्ट्रेलिया में हेलमेट पहनना ही काफी नहीं है। उसकी बेल्ट को ठीक से बंद करना भी जरूरी है। महिला के अनुभव ने दिखाया कि वहां सुरक्षा से जुड़े नियमों को कितनी गंभीरता से लिया जाता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने दी प्रतिक्रिया
महिला की पोस्ट पर कई यूजर्स ने ऑस्ट्रेलिया के सख्त नियमों की तारीफ की। उनका कहना था कि हेलमेट का मकसद सिर्फ चालान से बचना नहीं, बल्कि दुर्घटना के समय सिर की सुरक्षा करना है। एक यूजर ने कहा कि हेलमेट तभी सही सुरक्षा देता है, जब उसे सही तरीके से पहना जाए। कुछ लोगों ने भारत में भी ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने की बात कही। उनका मानना था कि कार्रवाई का डर होगा तो लोग खुद ही नियमों का पालन करेंगे।












