झलकारी बाई के शौर्य को नमन, भाजपा कार्यालय में जयंती पर गूंजा वीरांगना का जयघोष

0
4

नई दिल्ली: वीरता जब संकल्प का रूप लेती है तो इतिहास के पन्नों पर अमिट छाप छोड़ जाती है। ऐसी ही अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की प्रतीक वीरांगना रानी झलकारी बाई की जयंती पर रविवार को दिल्ली भाजपा कार्यालय में श्रद्धा और सम्मान का माहौल देखने को मिला। दिल्ली भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने वीरांगना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा के प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे और प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने सांसद कमलजीत सहरावत एवं अन्य प्रदेश पदाधिकारियों की उपस्थिति में रानी झलकारी बाई को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष लाजपत राय ने की।

नेताओं-कार्यकर्ताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि

इस अवसर पर विधायक अभय वर्मा और गजेन्द्र यादव, प्रदेश पदाधिकारी विजय सोलंकी, सुमीत भसीन, अमित गुप्ता तथा मोर्चा पदाधिकारी लीला सिंह, रूपेश मेरा, राजकुमार चौटेला और विक्की कुमार सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर वीरांगना के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रानी झलकारी बाई भारतीय नारी शक्ति, स्वाभिमान और अदम्य पराक्रम की ऐसी मिसाल हैं, जिनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई का रूप धारण कर अंग्रेजों के विरुद्ध मोर्चा संभाला और मातृभूमि की रक्षा के लिए अद्वितीय साहस का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि साधारण परिवार में जन्म लेने के बावजूद झलकारी बाई ने अपने संकल्प, संघर्ष और पराक्रम से इतिहास में विशिष्ट स्थान बनाया। उनका जीवन संदेश देता है कि व्यक्ति की पहचान उसकी जाति या परिस्थितियों से नहीं, बल्कि उसके साहस, कर्म और संकल्प से होती है। भाजपा उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा, सम्मान और समान अवसर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे के विचार

दिल्ली भाजपा प्रभारी डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि रानी झलकारी बाई दलित समाज का गौरव और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम की वीरता की अमर गाथा हैं। उन्होंने 1857 की क्रांति में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की परवाह किए बिना अदम्य साहस दिखाया। उनका जीवन प्रमाण है कि राष्ट्रभक्ति किसी जाति, वर्ग या लिंग की सीमाओं में बंधी नहीं होती। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने वीरांगना के संघर्ष, त्याग और राष्ट्रप्रेम को याद करते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here