नई दिल्ली: एशिया में भारत की ताकत लगातार बढ़ रही है। लोवी इंस्टीट्यूट की 2026 की रिपोर्ट में भारत को क्षेत्र का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है। इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की गई है। एशिया के विशेषज्ञों ने उन्हें क्षेत्र का दूसरा सबसे प्रभावी नेता माना है। इस मामले में वह चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद आते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत का कुल पावर स्कोर 40.5 अंक हो गया है। इसके साथ ही भारत और चीन के बीच का अंतर एशिया पावर इंडेक्स शुरू होने के बाद सबसे कम स्तर पर पहुंच गया है। हालांकि, चीन की कुल ताकत अब भी भारत से करीब 80 फीसदी अधिक है। भारत का सबसे मजबूत पक्ष कूटनीतिक प्रभाव रहा, जिसमें उसे 70.3 अंक मिले। भविष्य के संसाधनों के मामले में भारत का स्कोर 56.2 अंक रहा, जबकि आर्थिक क्षमता के लिए उसे 26.4 अंक मिले। लोवी इंस्टीट्यूट के दक्षिण-पूर्व एशिया कार्यक्रम के निदेशक हंटर मार्स्टन ने एक्स पर कहा कि भारत ने 40.5 अंक के साथ बड़ी शक्ति के रूप में अपनी जगह मजबूत की है। उनके मुताबिक, आर्थिक क्षमता में गिरावट के बावजूद मोदी को शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया।
भारत की रैंकिंग में सुधार की वजहें
रिपोर्ट के अनुसार, आर्थिक और कूटनीतिक मोर्चों पर मिले-जुले नतीजों के बावजूद एशिया में भारत का प्रभाव बढ़ा है। व्यापार और निवेश से जुड़े स्थिर संबंधों ने आर्थिक रिश्तों की रैंकिंग बेहतर की। वहीं, क्षेत्रीय देशों के साथ रक्षा सहयोग बढ़ने और दक्षिण-पूर्व एशिया को ब्रह्मोस मिसाइलों के निर्यात से भारत के रक्षा नेटवर्क को मजबूती मिली। भारत की सांस्कृतिक पहुंच में भी सुधार हुआ। सांस्कृतिक गतिविधियों, सूचनाओं के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से क्षेत्र में भारत का प्रभाव मजबूत हुआ। रिपोर्ट का कहना है कि इन प्रगतियों के कारण भारत 2023 के बाद पहली बार अपने संसाधनों को क्षेत्रीय प्रभाव में बदलने में अधिक सफल रहा है।
कैसे तैयार होती है एशिया पावर इंडेक्स की सूची?
लोवी इंस्टीट्यूट का एशिया पावर इंडेक्स 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन करता है। इसमें शक्ति के आठ पैमानों को शामिल किया जाता है। इनमें आर्थिक और सैन्य क्षमता, देश की मजबूती, कूटनीतिक प्रभाव और आर्थिक संबंध जैसे पहलू शामिल हैं। इन्हीं मानकों के आधार पर एशिया में देशों की ताकत और प्रभाव का आकलन कर रैंकिंग तय की जाती है।












