नई दिल्ली: ईरान में हिजाब के नियमों को चुनौती देने वाली ऑनलाइन प्रस्तुति के मामले में सिंगर परस्तू अहमदी और उनकी टीम को सख्त सजा दी गई है। अहमदी को 74 कोड़े मारे गए। उनके साथ कॉन्सर्ट से जुड़े चार अन्य सदस्यों को भी इतनी ही शारीरिक सजा दी गई। इसके अलावा, पांचों पर दो साल तक संगीत और कला से जुड़ी गतिविधियों में हिस्सा लेने और विदेश यात्रा करने पर रोक लगा दी गई है।
मानवाधिकार संगठन ‘ईरान ह्यूमन राइट्स’ (IHRNGO) ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की। संगठन ने इसे अहमदी के वकील मुस्तफा नीली के हवाले से बताया। नीली ने ‘Emtedad’ को कहा कि सजा कोम स्थित अभियोजक कार्यालय की सजा प्रवर्तन इकाई में लागू की गई। अदालत ने अहमदी को सार्वजनिक शालीनता को ठेस पहुंचाने का दोषी ठहराया था।
टीम के चार सदस्यों को भी 74 कोड़े
इस मामले में सजा केवल परस्तू अहमदी तक सीमित नहीं रही। कॉन्सर्ट से जुड़े चार अन्य सदस्यों को भी 74-74 कोड़े मारे गए। इनमें आयोजक मोहसिन लश्करी और संगीतकार सोहेल फकीह-नसीरी, अमीन ताहेरी तथा अमीर-अली पिरनिया शामिल हैं।कोड़ों की सजा के साथ अदालत ने इन सभी पर अगले दो साल तक किसी भी कलात्मक या संगीत गतिविधि में शामिल होने पर रोक लगाई है। इसी अवधि के लिए विदेश यात्रा पर भी पाबंदी रहेगी। इस फैसले का असर सिंगर और उनकी टीम के पेशेवर कामकाज पर पड़ेगा।
दिसंबर 2024 के कॉन्सर्ट से शुरू हुआ विवाद
यह मामला दिसंबर 2024 में यूट्यूब पर जारी ‘कारवांसेराय कॉन्सर्ट’ के वीडियो से जुड़ा है। इसमें परस्तू अहमदी बिना हिजाब पहने गाना गाती दिखाई दी थीं। उनके साथ पुरुष संगीतकार भी प्रस्तुति दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद कार्यक्रम विवादों में आ गया और इसी को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। कॉन्सर्ट की रिकॉर्डिंग कोम शहर के पास स्थित ‘देर-ए-गचिन कारवांसेराय’ में की गई थी। फारसी भाषा में कारवांसेराय उन पुरानी, किलेबंद सरायों को कहा जाता है, जहां पहले व्यापारी और मुसाफिर ठहरते थे।
कोम शिया समुदाय का प्रमुख धार्मिक केंद्र है। यहां कई इस्लामी मदरसे मौजूद हैं और इसे धार्मिक रूढ़िवाद के गढ़ के रूप में भी जाना जाता है। इसी शहर के अभियोजक कार्यालय की इकाई में अहमदी को कोड़े मारने की सजा दी गई। वकील के मुताबिक, अदालत के फैसले के तहत सिंगर और उनकी टीम पर लगाई गई पाबंदियां अगले दो साल तक लागू रहेंगी।












