रतिया: श्री राम आश्रम शिव मंदिर, टिब्बा कॉलोनी रतिया में संत शिरोमणि श्री 1008 स्वामी श्री रामेश्वरानंद सरस्वती जी की असीम कृपा से श्री अखंड रामायण पाठ का प्रकाश बड़ी श्रद्धा, भक्तिभाव एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया।इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों और रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित केशव शास्त्री के नेतृत्व में कमेटी सदस्य सुभाष सिंगला व उनके परिवार द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ हुआ। पंडित केशव शास्त्री, पंडित नवीन शास्त्री एवं पंडित श्याम शास्त्री द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ श्री रामायण जी के पाठ का प्रकाश करवाया गया।
राम नाम के गुणगान से राममय हुआ मंदिर परिसर
पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री राम नाम का गुणगान किया और पूरा मंदिर परिसर राममय हो गया। श्रद्धालुओं ने श्री राम जी के आशीर्वाद की कामना की और क्षेत्र में सुख-शांति, खुशहाली व समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
रामायण पाठ जीवन जीने की कला सिखाता है: पंडित केशव शास्त्री
पंडित केशव शास्त्री ने कहा कि श्री रामायण का पाठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाता है। उन्होंने कहा कि श्री राम जी के आदर्शों पर चलकर ही परिवार और समाज में सुख-शांति आ सकती है।
धर्म और संस्कृति से युवा पीढ़ी को जोड़ने का प्रयास
इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान विनोद बंसल ने कहा कि श्री अखंड रामायण पाठ से समाज में प्रेम, भाईचारा और संस्कारों की भावना बढ़ती है। उन्होंने कहा कि मंदिर कमेटी समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, ताकि युवा पीढ़ी धर्म और संस्कृति से जुड़ी रहे।
25 नवंबर को होगा अखंड रामायण पाठ का भोग
उन्होंने बताया कि श्री अखंड रामायण पाठ का भोग 25 नवंबर को सुबह 9:15 बजे मंदिर परिसर में डाला जाएगा, जिसमें सभी भक्तजन सादर आमंत्रित हैं। इस अवसर पर श्री राम आश्रम शिव मंदिर कमेटी के सभी सदस्य और महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।












