नई दिल्ली: अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया में शनिवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। 5.0 तीव्रता के इस भूकंप का असर लॉस एंजिल्स और आसपास के इलाकों में भी देखने को मिला। झटके इतने तेज थे कि लोग डरकर अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। कई जगह इमारतें हिलने लगीं और गाड़ियों के अलार्म बजने लगे। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप शनिवार सुबह स्थानीय समय के अनुसार करीब 9:30 बजे आया। इसका केंद्र लॉस एंजिल्स के तटीय शहर मैनहट्टन बीच से करीब 6 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण पश्चिम में समुद्र के अंदर था। भूकंप की गहराई लगभग 7.6 मील दर्ज की गई।
मुख्य झटके के बाद भी कांपती रही धरती
भूकंप के बाद कई आफ्टरशॉक्स भी महसूस किए गए। इनमें एक झटके की तीव्रता 4.5 तक दर्ज की गई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में एक महिला अपने बच्चे को गोद में लेकर डरी हुई नजर आ रही है। झटकों के कारण इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भूकंप का असर लॉस एंजिल्स इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भी दिखाई दिया। यहां टर्मिनल की छत से कई टाइलें गिर गईं और कुछ जगहों पर कांच भी टूट गए। हालांकि, जांच के बाद एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन सामान्य रूप से जारी रहा।
सांता मोनिका से पासाडेना तक महसूस हुए झटके
सांता मोनिका में इमारतें हिलने लगीं और पार्किंग में खड़ी गाड़ियों के अलार्म बज उठे। इससे घबराकर लोग दुकानों और इमारतों से बाहर निकल आए। भूकंप के झटके केंद्र से करीब 27 मील दूर पासाडेना तक महसूस किए गए। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, भूकंप से शहर के बुनियादी ढांचे को कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचा है। फिलहाल किसी के घायल होने की भी खबर नहीं है। इसके अलावा प्रशासन की ओर से सुनामी को लेकर भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई।












