नई दिल्ली: रविवार की सुबह से ही बांग्लादेश के कई इलाकों में माहौल बेहद खराब देखने को मिला। सड़कों पर जाम, आगजनी और बम धमाकों की खबरें लगातार आ रही है। लोगों में डर है और पुलिस हर जगह संभालने में लगी हुई है। लेकिन पुलिस के प्रयास के बावजूद शरियतपुर में मामला इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति की जान चली गई।
जानकारी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी इलाके शरियतपुर में अवामी लीग और BNP के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। पहले बहस हुई, फिर बात हाथापाई तक पहुंच गई। चश्मदीदों का कहना है कि इसी दौरान अवामी लीग के स्थानीय कार्यकर्ता इब्राहिम सिपाही पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि अवामी लीग के प्रदर्शनकारियों ने एक बाजार, एक रेस्तरां और कई गाड़ियों में आग लगा दी। पूरा इलाका कुछ ही देर में धुएं से भर गया। इस झड़प में कई और लोग भी घायल हुए हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
14 जिलों में फैली हिंसा
ये हिंसा सिर्फ एक जिले तक नहीं रुकी। रविवार तड़के से राजधानी ढाका समेत देश के 64 में से कम से कम 14 जिलों में हिंसा की खबरें आईं। सुबह प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी, जिसकी वजह से पद्मा पुल पर गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। ये पुल दक्षिण-पश्चिमी बांग्लादेश को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है। जाम की वजह से हजारों लोग घंटों फंसे रहे। हालात को काबू में करने के लिए अधिकारियों ने रात में ही बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की सात और टुकड़ियां तैनात कर दीं। पहले से ही 120 टुकड़ियां ड्यूटी पर थीं। सात जिलों में तो ड्रोन से भी नजर रखी जा रही थी, ताकि कहीं भी बवाल बढ़ने से पहले ही पुलिस पहुंच सके।
हसीना के ऐलान के बाद से बढ़ा तनाव
असल में ये सारा बवाल शेख हसीना के एक ऐलान के बाद से और तेज हो गया है। हसीना ने 16 दिसंबर को देश लौटने का ऐलान किया है। इसके बाद से ही पूरे बांग्लादेश में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। लेकिन रविवार तड़के से जैसे ही अवामी लीग का 48 घंटे का लॉकडाउन शुरू हुआ, कई जगहों से देसी बम फटने, आग लगाने और हाईवे जाम करने की खबरें आने लगीं।
गौर करने वाली बात ये है कि बांग्लादेश में अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर अभी भी रोक लगी हुई है। ये रोक सबसे पहले मई 2025 में अंतरिम सरकार ने लगाई थी। इससे पहले अगस्त 2024 में बड़े जन आंदोलन के बाद शेख हसीना का 15 साल पुराना शासन खत्म हो गया था। अब हसीना की वापसी के ऐलान ने पुराने जख्मों को फिर से हरा कर दिया है, और बांग्लादेश एक बार फिर सियासी टकराव के दौर से गुजर रहा है।












