नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ी चर्चा शुरू हो गई है. भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी महेंद्र सिंह धोनी को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि यह उनका आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है. इस चर्चा को तब और बल मिला जब पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा ने संकेत दिया कि धोनी जल्द ही ‘येलो जर्सी’ को अलविदा कह सकते हैं.
महेंद्र सिंह धोनी का आईपीएल करियर बेहद शानदार रहा है. उन्होंने अब तक 278 मुकाबलों में 5439 रन बनाए हैं और अपनी कप्तानी में Chennai Super Kings को पांच बार चैंपियन बनाया है. हालांकि, 2024 में उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी और अब टीम की जिम्मेदारी ऋतुराज गायकवाड़ संभाल रहे हैं. इसके बावजूद धोनी का प्रभाव टीम में अब भी साफ नजर आता है.
मेंटॉर और खिलाड़ी की भूमिका निभाएंगे धोनी?
रॉबिन उथप्पा के अनुसार, इस सीजन में धोनी की भूमिका पहले से अलग हो सकती है. उन्होंने कहा कि धोनी ‘मेंटॉर और खिलाड़ी’ दोनों की भूमिका निभा सकते हैं. और साथ ही उनके बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव देखने को मिल सकता है, जहां वे नंबर सात की बजाय नंबर आठ पर उतर सकते हैं. यह संकेत देता है कि धोनी धीरे-धीरे टीम से खुद को अलग करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
टीम में कुछ नए बदलाव
इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने टीम में कुछ नए बदलाव भी किए हैं. हाल ही में संजू सैमसन को टीम में शामिल किया गया है, जिसे भविष्य की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. टीम प्रबंधन अब आने वाले वर्षों को ध्यान में रखते हुए नई पीढ़ी को तैयार करने पर जोर दे रहा है.
अभ्यास में जुटे धोनी
हालांकि, इन सभी चर्चाओं के बीच धोनी की तैयारी कुछ और ही कहानी बयां कर रही है. वह हाल ही में चेन्नई पहुंचकर अभ्यास में जुटे हुए हैं और रांची में भी उन्होंने पहले से ट्रेनिंग शुरू कर दी थी. इससे साफ है कि वह इस सीजन के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
28 मार्च से आगाज
सीएसके के सीईओ ने भी स्पष्ट किया है कि धोनी पूरे आईपीएल सीजन के लिए उपलब्ध रहेंगे. हालांकि, वे कितने मैच खेलेंगे और उनकी भूमिका क्या होगी, इसका फैसला टीम मैनेजमेंट ही करेगा. 28 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल 2026 में अब सभी की नजरें धोनी के प्रदर्शन और उनके भविष्य पर टिकी रहेंगी.
















