नई दिल्ली: बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट का रोमांच एक बार फिर चरम पर था. गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेले गए इस उद्घाटन मैच में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का साहसिक फैसला लिया. शुरुआती झटकों के बावजूद एसआरएच के कप्तान ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और अपनी टीम को 201 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. हालांकि, आरसीबी के बल्लेबाजों ने अपनी धुआंधार पारियों से इस लक्ष्य को छोटा साबित कर दिया और 6 विकेट से शानदार जीत दर्ज की.
आरसीबी के गेंदबाजों ने मैच की शुरुआत से ही अपनी घातक गेंदबाजी का परिचय दिया. टॉस जीतकर बॉलिंग करने उतरी आरसीबी ने एसआरएच के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा. गेंदबाजों ने एसआरएच को खुलकर खेलने का कोई अवसर नहीं दिया, जिसका परिणाम यह हुआ कि हैदराबाद की टीम ने पावरप्ले में ही अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए. गेंदबाजों ने अपनी सधी हुई गेंदबाजी से विरोधी टीम को बैकफुट पर धकेल दिया.
हैदराबाद की खराब शुरुआत
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही. अभिषेक शर्मा ने 8 गेंदों में 7 रन बनाए, वहीं ट्रेविस हेड ने 9 गेंदों में 11 रन जुटाए. नीतीश रेड्डी 1 रन पर आउट हुए और तीन विकेट गिरने के बाद स्कोर 29 रन था. ईशान किशन ने आगे बढ़कर अच्छी पारी खेली.
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन की दमदार पारी
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभाला. दोनों ने तेजी से रन जोड़े. किशन ने 27 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने 38 गेंदों में 80 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में 43 रनों की तूफानी पारी खेली. हैदराबाद ने 9 विकेट पर 201 रन का स्कोर बनाया. आरसीबी की ओर से डफी और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट लिए.
पडीक्कल-विराट की आंधी में उड़ी SRH
जवाब में आरसीबी की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. फिल साल्ट 8 रन पर आउट हो गए. देवदत्त पडीक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन बनाकर तूफान मचा दिया. विराट कोहली एक छोर पर टिके रहे और 33 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया.
कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन बनाए. उनके बल्ले से 5 चौके और 5 छक्के निकले. टिम डेविड ने नाबाद 16 रन जोड़े. आरसीबी ने 16वें ओवर में ही 4 विकेट पर 203 रन बनाकर मैच जीत लिया.
















