पटना हाई कोर्ट में टाइपिंग स्किल वालों के लिए निकली भर्ती, ऐसे करें अप्लाई

0
5

पटना: कंप्यूटर पर काम करने वाले युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका आया है. पटना हाई कोर्ट ने कंप्यूटर ऑपरेटर कम टाइपिस्ट के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती के तहत कुल 48 पद भरे जाएंगे, जिसमें महिलाओं के लिए भी आरक्षण रखा गया है.

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 16 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 19 मई 2026 निर्धारित की गई है. इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

किस वर्ग में कितनी सीटें?

रिक्तियों का वर्गीकरण अलग-अलग श्रेणियों में किया गया है. अनारक्षित वर्ग के लिए 23 पद, ईडब्ल्यूएस के लिए 4, पिछड़ा वर्ग के लिए 5, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 9 और अनुसूचित जनजाति के लिए 7 पद निर्धारित किए गए हैं. कुल पदों में से 15 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं.

योग्यता:

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना जरूरी है. साथ ही कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम 6 महीने का डिप्लोमा या सर्टिफिकेट होना चाहिए. उम्मीदवार को अंग्रेजी टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट और हिंदी टाइपिंग में 30 शब्द प्रति मिनट की गति आनी चाहिए.

आयु सीमा:

आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए. अधिकतम आयु अलग-अलग वर्गों के अनुसार तय की गई है. सामान्य और ईडब्ल्यूएस पुरुष उम्मीदवारों के लिए 37 वर्ष, महिलाओं के लिए 40 वर्ष, बीसी और ईबीसी के लिए 40 वर्ष तथा एससी वर्ग के लिए 42 वर्ष तक की सीमा निर्धारित की गई है. सरकारी कर्मचारियों को अधिकतम आयु में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी.

चयन प्रक्रिया:

चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी, जिसमें लिखित परीक्षा और इंटरव्यू शामिल हैं. लिखित परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. इसके साथ ही हिंदी और अंग्रेजी टाइपिंग टेस्ट भी लिया जाएगा.

वेतन:

चयनित उम्मीदवारों को लेवल-04 के तहत 25,500 रुपये से लेकर 81,100 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा.

कैसे करें आवेदन?

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को पटना हाई कोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद उम्मीदवार को अपनी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म का प्रिंट आउट सुरक्षित रखना जरूरी है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here