उत्तर और मध्य भारत में हीटवेव का रेड अलर्ट, दक्षिण में भारी बारिश से मिली राहत की उम्मीद

0
5
Weather
Weather

देश के मौसम में इस समय दो बड़े चरम बदलाव देखने को मिल रहे हैं. जहां एक तरफ उत्तर और मध्य भारत के लोग पिछले कई दिनों से सूरज की तपिश और भीषण लू का सितम झेल रहे हैं वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत के राज्यों में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू हो चुका है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को मौसम का ताजा बुलेटिन जारी करते हुए देश के विभिन्न हिस्सों के लिए अलर्ट घोषित किया है. मौसम विभाग के अनुसार उत्तर और मध्य भारत को अभी इस तपती गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. जबकि दक्षिण भारत में समय से पहले मॉनसून दस्तक दे सकता है.

उत्तर और मध्य भारत में जारी रहेगा ‘रेड अलर्ट’

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक मध्य भारत के राज्यों में अगले सात दिनों तक लू का प्रकोप बना रहेगा. वहीं, पूर्वी भारत में 23 से 26 मई तक और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में 24 से 29 मई तक यानी लगातार छह दिनों तक भीषण हीटवेव से लेकर अत्यंत गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी. इस दौरान दोपहर के समय लोगों को घरों से बाहर न निकलने और खुद को हाइड्रेटेड रखने की सलाह दी गई है.

पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों का हाल

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 से 27 मई के बीच गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अलर्ट है. इसके साथ ही बिहार, झारखंड और ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी मई के आखिरी हफ्तों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है.

राहत की बात यह है कि उत्तर भारत के कुछ पहाड़ी राज्यों जैसे जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 23 से 25 मई के बीच हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है जिससे वहां के तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश और मॉनसून की आहट

गर्मी के इस टॉर्चर के बीच दक्षिण भारत से राहत की खबर है. केरल, तमिलनाडु और लक्षद्वीप में अगले चार से पांच दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि देश में मॉनसून की एंट्री उम्मीद से पहले हो सकती है. आईएमडी के मुताबिक 26 मई तक मॉनसून केरल में दस्तक दे सकता है. वर्तमान में यह बंगाल की खाड़ी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बाकी हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है. दक्षिण के अन्य हिस्सों जैसे कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में 23 से 27 मई के दौरान तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बरसात होने की संभावना जताई गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here