मुंबई: महाराष्ट्र के पुणे के चर्चित पोर्श कार हादसे से जुड़े अग्रवाल परिवार का नाम एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. बता दें, इस बार मामला किसी कानूनी कार्रवाई का नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो का है. वीडियो में हादसे के मुख्य आरोपी नाबालिग के पिता विशाल अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ एक ग्रैंड पार्टी में नजर आ रहे हैं. इस दौरान दोनों गले में नोटों की माला पहने हुए डांस करते दिखाई दे रहे हैं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं.
वायरल वीडियो में क्या
वायरल क्लिप में अग्रवाल परिवार पॉपुलर गाने “मुंबई से आया मेरा दोस्त…” पर थिरकता दिख रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो हाल ही में आयोजित एक प्राइवेट पार्टी का है. हालांकि फिलहाल वीडियो को लेकर कोई भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन इसके सामने आने के बाद एक बार फिर यह मामला चर्चा का विषय बन गया है.
क्या है पुणे सड़क हादसा
दरअसल, मई 2024 में पुणे के कल्याणी नगर इलाके में हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था. घटना के बाद एक नामी बिल्डर के 17 वर्षीय बेटे पर आरोप लगा था कि उसने कथित तौर पर शराब के नशे में तेज रफ्तार पोर्श कार चलाते हुए दो युवा आईटी इंजीनियरों को कुचल दिया था. वहीं इस हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई थी.
कुछ ही घंटों में मिली जमानत
इस बीच मामले ने तब और तूल पकड़ लिया था जब जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड ने आरोपी को कुछ ही घंटों में जमानत दे दी थी. जमानत की शर्तों में सड़क सुरक्षा पर एक निबंध लिखना शामिल था, जिसे लेकर देशभर में भारी नाराजगी देखने को मिली थी. हालांकि बाद में जांच एजेंसियों ने दावा किया कि आरोपी परिवार ने सबूतों से छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी. इस दौरान आरोप लगे कि नाबालिग के ब्लड सैंपल बदलवाने के लिए डॉक्टरों पर दबाव डाला गया और ड्राइवर को जिम्मेदारी लेने के लिए मजबूर किया गया.
इसी मामले में विशाल अग्रवाल और उनके पिता को गिरफ्तार भी किया गया था. हालांकि, कुछ समय पहले उन्हें जमानत मिल गई थी. अब वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है, जहां लोग आरोपी विशाल के परिवार की कड़ी निंदा कर रहे हैं.
















