नई दिल्ली: पाकिस्तान की एक कंडोम कंपनी का इंस्टाग्राम विज्ञापन सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल हो रहा है। वजह है हॉर फिल्म ऑब्सेशन से लिया गया रेफरेंस, जिसे लोग असंवेदनशील और खतरनाक बता रहे हैं। ब्रांड ने फिल्म में दिखाए गए कंसेंट और खतरनाक जुनून जैसे गंभीर मुद्दों को हल्के में लेते हुए प्रोडक्ट प्रमोट किया।
कैसे था विज्ञापन और क्या लिखा था?
विज्ञापन में फिल्म की काल्पनिक जादुई वस्तु वन विश विलो के बगल में एक कंडोम रखा दिखाया गया था। बैकग्राउंड में फिल्म की किरदार निक्की अपने दरवाजे पर खड़ी थी। पोस्ट की टैगलाइन थी उसे अपना दीवाना बनाएं और कैप्शन में लिखा था इसे अपनी फ्रीकी निक्की को भेजें।
ये पोस्ट सामने आते ही यूजर्स भड़क गए। कई लोगों ने कहा कि ब्रांड ने फिल्म के डरावने और संवेदनशील प्लॉट को सिर्फ मार्केटिंग के लिए इस्तेमाल कर लिया। एक यूजर ने लिखा कि ये देखकर उल्टी आ रही है, तो दूसरे ने कहा कि ये बिल्कुल गलत रेफरेंस है।
बिना कंसेंट के सेक्स को बढ़ावा देने का आरोप
लोगों का कहना है कि फिल्म ऑब्सेशन पूरी तरह से बिना मर्जी के पैदा होने वाले जुनून और उसके खतरनाक नतीजों पर आधारित है। ऐसे में कंडोम जैसे प्रोडक्ट के विज्ञापन में इसका इस्तेमाल करना गलत संदेश देता है। यूजर्स ने सवाल उठाया कि वन विश विलो जैसी चीज को कंडोम के साथ दिखाना और उसे रोमांस की तरह पेश करना, जबरदस्ती को नॉर्मल बनाने जैसा है। इसे अपनी फ्रीकी निक्की को भेजें वाला कैप्शन भी फिल्म की महिला किरदार को मजाक बनाकर रख देता है।
क्या है फिल्म ऑब्सेशन की कहानी
फिल्म की कहानी बियर नाम के एक म्यूजिक स्टोर कर्मचारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपनी बचपन की दोस्त निक्की से एकतरफा प्यार है। वो वन विश विलो नाम की रहस्यमयी वस्तु से मन्नत मांगता है कि निक्की उससे प्यार करे। मन्नत पूरी होती है, लेकिन तरीके बेहद खौफनाक होते हैं। जो प्यार शुरू में एकतरफा था, वो धीरे-धीरे खतरनाक जुनून में बदल जाता है। यही फिल्म का मुख्य डर और थीम है।
लोगों ने बताया असंवेदनशील कैंपेन
आलोचकों का मानना है कि सुरक्षित सेक्स का प्रतीक माने जाने वाले कंडोम के विज्ञापन में ऐसी कहानी का इस्तेमाल करना, फिल्म के असली संदेश और कंसेंट जैसे मुद्दे को पूरी तरह नजरअंदाज करता है।
सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है। कुछ लोग इसे खराब मार्केटिंग बता रहे हैं, तो कुछ इसे महिलाओं के खिलाफ गलत नैरेटिव फैलाना कह रहे हैं। ब्रांड की तरफ से अभी तक इस पर कोई सफाई नहीं आई है।














