मां ने शराब के लिए पैसे देने से किया मना, गुस्से में बेटे ने उतारा मौत के घाट

0
9
Delhi Mother Murder
Delhi Mother Murder

नई दिल्ली: दिल्ली के मैदानगढ़ी इलाके से रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. आरोप है कि शराब के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक बेटे ने अपनी 60 वर्षीय मां की बेरहमी से पिटाई की और फिर हथौड़े से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है.

यह मामला दक्षिणी दिल्ली के मैदानगढ़ी थाना क्षेत्र के खड़क गांव स्थित यूपी कॉलोनी का है. मंगलवार रात पुलिस को PCR कॉल के जरिए एक महिला पर हमला होने की सूचना मिली थी. जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस के साथ क्राइम टीम और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अनंत मित्तल के मुताबिक, घर के अंदर 60 वर्षीय चिंता देवी गंभीर रूप से घायल हालत में मिली थीं. पुलिस ने उन्हें तुरंत सफदरजंग अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर कई जरूरी सबूत जुटाए.

शराब के पैसे को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतका के छोटे बेटे अमोद ने अपनी मां से शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे थे. आरोप है कि जब चिंता देवी ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. परिजनों के मुताबिक, विवाद बढ़ने के बाद अमोद ने कथित तौर पर अपनी मां के साथ मारपीट की और फिर हथौड़े से उन पर कई वार किए. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और बाद में उनकी मौत हो गई.

मृतका की बहू अनीता देवी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय घर में परिवार के कुछ अन्य सदस्य भी मौजूद थे. उन्होंने अमोद को रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसने उन्हें कमरे से बाहर जाने के लिए मजबूर कर दिया और इसके बाद भी अपनी मां पर हमला करता रहा.

हत्या के बाद शव छिपाने की कोशिश का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि हमला करने के बाद अमोद ने अपनी मां के शव को बिस्तर पर रख दिया. इसके बाद वह शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाने लगा. परिवार के लोगों का यह भी आरोप है कि आरोपी ने घर के अन्य लोगों को धमकाया, ताकि घटना की जानकारी पुलिस या किसी बाहरी व्यक्ति तक न पहुंचे.

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

DCP अनंत मित्तल के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी. पूछताछ और शुरुआती जांच के दौरान मृतका के छोटे बेटे अमोद पर हत्या का आरोप सामने आया. घटना के बाद वह फरार हो गया था. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे और कौन-कौन से कारण थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here