सोना-चांदी की कीमतों में फिर उछाल, जानिए आज आपके शहर में क्या है नया रेट

0
7
Gold Rate Today
Gold Rate Today

नई दिल्ली: अगर आप आज सोना या चांदी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो पहले ताजा कीमतें जरूर जान लें. सप्ताह की शुरुआत के साथ ही दोनों कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली है. घरेलू वायदा बाजार से लेकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक सोने और चांदी के दाम बढ़े हैं. बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इस सप्ताह आने वाले कई वैश्विक आर्थिक आंकड़े और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम कीमती धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव ला सकते हैं. ऐसे में निवेशक और खरीदार दोनों ही बाजार की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं.

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोमवार को सोने की कीमत में अच्छी बढ़त दर्ज की गई. सोना 203 रुपये मजबूत होकर 1,41,714 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखाई दिया. वहीं चांदी भी तेजी के साथ 922 अंक चढ़कर 2,18,120 रुपये पर पहुंच गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों धातुओं ने मजबूती दिखाई. कॉमैक्स पर सोने की कीमत करीब 0.24 प्रतिशत बढ़कर 4,117 डॉलर प्रति औंस रही, जबकि चांदी 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 58.385 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई.

अलग-अलग शहरों में सोने का ताजा भाव

देश के प्रमुख सराफा बाजारों में आज 24 कैरेट सोने की कीमत लगभग एक जैसी बनी हुई है. अधिकांश शहरों में इसका भाव 14,416 रुपये से 14,460 रुपये प्रति ग्राम के बीच दर्ज किया गया. चेन्नई में 24 कैरेट सोना सबसे महंगा 14,460 रुपये प्रति ग्राम बिक रहा है. वहीं दिल्ली में इसकी कीमत 14,431 रुपये प्रति ग्राम और मुंबई में 14,421 रुपये प्रति ग्राम है. अगर 22 कैरेट सोने की बात करें तो अधिकांश शहरों में इसकी कीमत 13,214 रुपये से 13,255 रुपये प्रति ग्राम के बीच बनी हुई है. वहीं 18 कैरेट सोना ज्यादातर शहरों में करीब 10,812 रुपये प्रति ग्राम पर उपलब्ध है, जबकि चेन्नई में इसका भाव 11,034 रुपये प्रति ग्राम दर्ज किया गया.

चांदी के दाम में हल्की नरमी

जहां वायदा बाजार में चांदी मजबूत रही, वहीं सराफा बाजार में इसके दाम में हल्की गिरावट देखने को मिली. दिल्ली में आज चांदी 234.90 रुपये प्रति ग्राम यानी 2,34,900 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बिक रही है. यह पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले 100 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती हुई है. मुंबई में भी चांदी का यही भाव दर्ज किया गया. विशेषज्ञों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय संकेतों और आर्थिक आंकड़ों के आधार पर आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here