नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट में देवदत्त पडिक्कल ने अपनी शानदार बल्लेबाजी से हर किसी का ध्यान खींचा है. नंबर-3 पर उतरे पडिक्कल ने 167 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए. उनकी इस पारी की बदौलत भारत पहली पारी में 9 विकेट पर 460 रन तक पहुंचने में सफल रहा.
श्रीलंका में 150+ रन बनाने वाले पांचवें भारतीय
पडिक्कल श्रीलंका की धरती पर 150 या उससे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, शिखर धवन और चेतेश्वर पुजारा यह कारनामा कर चुके हैं.
खास बात यह है कि पडिक्कल ने यह उपलब्धि महज 26 साल की उम्र में हासिल की. उन्होंने चेतेश्वर पुजारा का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए श्रीलंका में 150+ रन बनाने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया.
नंबर-3 पर पुजारा को पछाड़ा
पडिक्कल ने श्रीलंका में भारतीय बल्लेबाज के तौर पर नंबर-3 पर सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. उनकी 167 रन की पारी ने चेतेश्वर पुजारा के 153 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. पुजारा ने 2017 में गॉल में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 153 रन बनाए थे. अब पडिक्कल ने उसी मैदान पर उनसे आगे निकलकर नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है.
58 साल पुराना रिकॉर्ड भी टूटा
पडिक्कल की पारी की खासियत यहीं खत्म नहीं हुई. विदेश में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने वाले बाएं हाथ के भारतीय बल्लेबाजों में सबसे बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड भी उनके नाम हो गया. इससे पहले यह रिकॉर्ड अजीत वाडेकर के नाम था. उन्होंने 1968 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में 143 रन बनाए थे. पडिक्कल ने 167 रन बनाकर 58 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ दिया.
भारत की नजर बड़े स्कोर पर
पहली पारी में भारत 460/9 के स्कोर पर है और टीम की कोशिश 500 रन के करीब पहुंचने की होगी. इसके बाद भारतीय गेंदबाजों से श्रीलंका पर दबाव बनाने की उम्मीद होगी. हालांकि, पहले दो दिन बारिश ने मुकाबले में काफी खलल डाला है. ऐसे में टीम इंडिया चाहेगी कि तीसरे दिन ज्यादा से ज्यादा ओवर का खेल हो और उसे श्रीलंका के विकेट जल्दी हासिल करने का मौका मिले.












